Tuesday, November 3, 2026

जामताड़ा: अनुकंपा नियुक्ति के चार आवेदनों पर समिति की मुहर, दस्तावेज अधूरे होने पर एक को मिला समय.

Share

Jamtara News: जामताड़ा में सरकारी कर्मचारियों से जुड़े सेवा मामलों और अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया को गति देने के लिए सोमवार को जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्थापना, अनुकंपा नियुक्ति और चौकीदार स्थापना से संबंधित विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने से जुड़े कुल पांच आवेदनों की समीक्षा की गई। जांच के दौरान एक आवेदन में आवश्यक दस्तावेजों की कमी सामने आई। इस पर उपायुक्त ने संबंधित आवेदक को एक सप्ताह के भीतर जरूरी कागजात जमा कराने का निर्देश दिया। वहीं, बाकी चार आवेदनों को अनुशंसा के साथ संबंधित विभाग को भेजने पर सहमति बनी।

इसके अलावा एसीपी और एमएसीपी से जुड़े एक मामले में तिथि में आवश्यक सुधार करने का निर्देश भी दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सेवा संपुष्टि तथा एसीपी/एमएसीपी के पात्र मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। सभी योग्य आवेदनों को समय पर समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उनका नियमानुसार निष्पादन किया जाए।

चौकीदार स्थापना के 33 मामलों की हुई समीक्षा

बैठक में चौकीदार स्थापना समिति से संबंधित 33 मामलों की भी समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में जरूरी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी करने और पात्र लोगों को समय पर सरकारी लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इस मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, एसडीओ अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, स्थापना उप समाहर्ता पंकज कुमार रवि, डीएसपी मुख्यालय नीलम कुजूर, डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति, कार्यपालक अभियंता रमाकांत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News