Tuesday, June 2, 2026

जमशेदपुर में आयोजित 15वीं झारखंड सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप में प्रथमी सिंह सरदार ने पांच मेडल जीते.

Share

रांची: टाटा स्टील के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में आयोजित 15वीं झारखंड राज्य सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रांची जिला और संस्थान का नाम रोशन किया.

प्रतियोगिता में JSSPS के खिलाड़ियों ने कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और यह साबित किया कि झारखंड में तैराकी खेल का भविष्य लगातार मजबूत हो रहा है. इस प्रतियोगिता के सबसे बड़े आकर्षण रहे प्रथमी सिंह सरदार, जिन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन के बल पर कुल पांच पदक जीतकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा.

प्रथमी ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और चार रजत पदक अपने नाम किए. उन्होंने 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की. इसके अलावा 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 50 मीटर फ्रीस्टाइल और 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल कर प्रतियोगिता के सबसे सफल तैराकों में अपनी जगह बनाई.

वहीं, JSSPS के एक अन्य प्रतिभाशाली तैराक लखिंदर सिंह मुंडा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर इंडिविजुअल मेडल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर टीम की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया. कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच लखिंदर का यह प्रदर्शन उनके निरंतर अभ्यास और समर्पण को दर्शाता है.

प्रतियोगिता में मिली इस सफलता पर JSSPS प्रबंधन, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है. स्विमिंग प्रशिक्षक उमेश पासवान ने कहा, खिलाड़ियों ने पिछले कई महीनों से लगातार मेहनत की है. प्रथमी सिंह सरदार ने जिस तरह विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया, वह उनकी तैयारी और आत्मविश्वास को दर्शाता है. लखिंदर सिंह मुंडा ने भी कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच पदक जीतकर अपनी क्षमता साबित की है. यह सफलता पूरे झारखंड में स्विमिंग के बढ़ते स्तर का संकेत है और आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा भी है.

JSSPS के अधिकारियों ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और नियमित प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर की तैयारियों में भी दिखाई दे रहा है. अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रथमी और लखिंदर आने वाले समय में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करेंगे.

इस उपलब्धि के बाद JSSPS परिवार, खेल प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने दोनों तैराकों को शुभकामनाएं दी हैं. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने झारखंड में तैराकी को नई पहचान देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य किया है.

Read more

Local News