Friday, July 10, 2026

चुनाव की तैयारी में जुटे CM नीतीश कुमार, 300 कार्यकर्ताओं से की मुलाकात; कुछ ने टिकट को लेकर जताई इच्छा

Share

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की और उन्हें विधानसभा चुनाव की तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने 225 सीटें जीतने का लक्ष्य रखने और एनडीए उम्मीदवारों का समर्थन करने के लिए कहा। नीतीश कुमार ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और 2005 से पहले की स्थिति से तुलना करने का आग्रह किया। कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं और आकांक्षाओं से अवगत कराया।

पटना। मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को बड़ी संख्या में पार्टी के नए-पुराने कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की।

इसे विधानसभा चुनाव की प्रारंभिक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी लोग चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। विधानसभा चुनाव में 225 सीट जीतने के लक्ष्य के साथ जनता के बीच जाएं। राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताएं।

सीएम ने कहा कि उन्हें यह भी बताएं कि 2005 से पहले राज्य की क्या स्थिति थी। 20 वर्षों के शासन में कितना बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जदयू के नेता और कार्यकर्ता एनडीए के उम्मीदवारों की जीत के लिए भरपूर प्रयास करें।

सवा घंटे हुई मुलाकात

पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात का यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था। मुख्यमंत्री आवास स्थित कार्यालय में नेता-कार्यकर्ता बारी-बारी से आ रहे थे। सिलसिला तीन बजे शुरू हुआ। सवा चार बजे तक चला। तीन सौ से अधिक लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ एवं विधान परिषद सदस्य संजय गांधी भी मौजूद थे।

मुलाकातियों में कुछ टिकट चाहने वाले भी थे। मुख्यमंत्री ने उनका आवेदन लिया। बोर्ड, आयोग और निगम में पद के आकांक्षी भी थे। कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी निजी समस्याओं के निदान के लिए आवेदन दिया। मुख्यमंत्री ने ऐसे आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजने का निर्देश दिया।

सूत्रों ने बताया कि राज्य भर के नेता कार्यकर्ता लंबे समय से मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांग रहे थे। उन सबको एकसाथ बुला लिया गया।

Read more

Local News