Friday, June 19, 2026

घुटने की सर्जरी से ठीक होने के बाद हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है.

Share

घुटने की चोट से उबरने के बाद तेज गेंदबाज हर्षित राणा अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में भारतीय टीम शामिल किए गए हैं. भारत और अफगानिस्‍तान के बीच शनिवार को एमए चिदंबरम स्‍टेडियम पर वनडे खेला जाएगा.

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को यह घोषणा की. बता दें कि राणा टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के समय चोटिल हो गए थे. इससे उनके दाहिने घुटने के नीचे की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और जिसके बाद फरवरी में उनकी सर्जरी हुई थी. इस वजह से वह टी20 विश्व कप और आईपीएल में नहीं खेल पाए थे.

भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अपराजित बढ़त बना ली है. इस बारे में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मीडिया विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हर्षित राणा ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपना ‘रिहैबिलिटेशन’ पूरा कर लिया है और वह चेन्नई में वनडे टीम के साथ जुड़ गए हैं.’’

यह तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह ले सकता है, जिन्होंने इस श्रृंखला में अभी तक दोनों मैच खेले हैं. इससे भारत को चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की अनुपस्थिति में निचले क्रम में एक उपयोगी बल्लेबाज का विकल्प भी मिलेगा. इससे टीम प्रबंधन को ब्रिटेन के दौरे से पहले उनकी फॉर्म और फिटनेस का आकलन करने का मौका मिलेगा। .

जहां तक अफगानिस्तान का सवाल है तो उसने इस श्रृंखला में एकमात्र टेस्ट मैच और पहले दो वनडे में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया है. उसकी टीम हालांकि जीत के साथ श्रृंखला का समापन करने के लिए प्रतिबद्ध होगी. इसके लिए उसे खेल के तीनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा.

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल, हर्षित राणा.

Read more

Local News