Saturday, July 18, 2026

गिरिडीह में मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए विशेष शिविर शुरू, पहले दिन उमड़ी लोगों की भीड़.

Share

गिरिडीह: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के शहरी इलाकों में 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को अभियान के पहले दिन विभिन्न मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे और आवश्यक प्रपत्र जमा किए।

जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शहर के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर शिविर की व्यवस्थाओं और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के कुल 185 मतदान केंद्रों पर यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं का नाम सही तरीके से दर्ज करना, त्रुटियों को दूर करना और मतदाता सूची को अद्यतन एवं शुद्ध बनाना है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एचई हाई स्कूल और उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बस स्टैंड स्थित बूथों का दौरा किया। वहां उन्होंने मतदाता प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

डीसी ने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।

उन्होंने शहरी क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक फॉर्म भरें और समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची में उनकी जानकारी सही रूप से दर्ज हो सके।

Read more

Local News