गिरिडीह: सरिया के राजदाहधाम स्थित उत्तरवाहिनी बराकर नदी से जल उठाकर सुल्तानगंज के लिए सरिया के विराट सिंह पैदल यात्रा पर निकले. सुल्तानगंज पहुंचकर वे सावन महीने में अजगैबीनाथ में जलाभिषेक करेंगे और फिर गंगा में डुबकी लगाकर 51 लीटर जल लेकर बैजनाथ धाम के लिए निकलेंगे. वहां भी बाबा भोले पर जलाभिषेक करेंगे.
- विराट सिंह को लोगों ने अंगवस्त्र-माला देकर विदा किया. रवाना होने के पूर्व विराट ने सरिया की उत्तरवाहिनी नदी राजदाह धाम पहुंचकर भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के बाद जल भरा और पैदल यात्रा शुरू की. इस दौरान राजदाह धाम ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र, माला और फल देकर विदा किया. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश भारती ने कहा कि सरिया के लिए गर्व की बात है कि विराट सिंह लगातार चौथी बार राजदाह धाम का जल देवघर के शिवलिंग पर जलार्पण करने जा रहे हैं. उनका यह संकल्प सरिया के संपूर्ण विकास और शिव भक्तों के लिए आशीर्वाद लेकर आता है.
एकता का संदेश देते हुए बढ़ रहे आगे
विराट सिंह ने कहा कि वह हिंदुत्व का दीप जलाकर पूरे देश में प्रकाश फैलाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरिया राजदाह धाम से 51 लीटर जल उठाकर सुल्तानगंज जाएंगे, जहां अजगैबीनाथ में जलाभिषेक करते हैं. उसके बाद सुलतानगंज से पुन: 51 लीटर जल लेकर देवघर जाते हैं और बाबाधाम में जलाभिषेक करते हैं. विराट ने कहा कि इस यात्रा में हिंदू भाई-बहनों का अपार सहयोग और प्यार मिलता है. इस दौरान सैकड़ों शिव भक्तों ने उन्हें विदा किया और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं.


