Friday, November 6, 2026

खूंटपानी में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का डीसी ने किया निरीक्षण, ई-कचरा वाहन को दिखाई हरी झंडी

Share

Chaibasa News, 6 November 2026: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने शुक्रवार को खूंटपानी प्रखंड स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-कचरा संग्रहण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने अधिकारियों को कचरे के उचित प्रबंधन और ग्रामीणों की भागीदारी से स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया।

घर-घर से कचरा संग्रहण के लिए बनेगा रोस्टर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि इकाई के आसपास की पंचायतों के लिए रोस्टर तैयार कर घर-घर से प्लास्टिक और सूखे कचरे का नियमित संग्रहण किया जाए।

वाहन के संचालन के लिए पंचायत राज मद से चालक की व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही ग्रामीणों को स्वेच्छा से निर्धारित सहयोग शुल्क देने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।

चार श्रेणियों में अलग करना होगा घरेलू कचरा

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने मटकोबेरा पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ बैठक की। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।

उपायुक्त ने घरों से निकलने वाले कचरे को चार श्रेणियों में अलग-अलग रखने का निर्देश दिया। इनमें गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू खतरनाक कचरा और स्वच्छता अपशिष्ट शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे का शुरुआती स्तर पर ही पृथक्करण होने से उसके वैज्ञानिक निस्तारण और पुनर्चक्रण में सुविधा होगी।

जल जीवन मिशन की भी हुई समीक्षा

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जलसहियाओं को क्षेत्र परीक्षण किट के माध्यम से पेयजल स्रोतों के पानी की नियमित जांच करने और जांच से संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, जिला परिषद सदस्य यमुना तियु और मुखिया माधुरी हेम्ब्रम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News