रांची, 14 अगस्त 2026: केंद्र सरकार के खनिज विधेयक को लेकर झारखंड में सियासी हलचल बढ़ गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने इस मुद्दे पर पार्टी की विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक बुलाने का फैसला किया है। बैठक 20 अगस्त को रांची में होगी, जिसमें विधेयक से उत्पन्न राजनीतिक परिस्थितियों और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
JMM महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने शुक्रवार को बैठक से संबंधित कार्यालय आदेश जारी किया। बैठक सुबह 10:30 बजे हरमू स्थित सोहराय भवन में प्रस्तावित है।
प्रदेशभर के पदाधिकारी होंगे शामिल
बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के अलावा सभी जिलों के अध्यक्ष, सचिव और संयोजक प्रमुख को बुलाया गया है। रांची महानगर के अध्यक्ष और सचिव भी बैठक में शामिल होंगे। पार्टी की ओर से संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है।
खनिज विधेयक पर तय होगी आगे की दिशा
JMM केंद्र सरकार के प्रस्तावित खनिज विधेयक को झारखंड के हितों के प्रतिकूल बता रहा है। बैठक में विधेयक से राज्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव और इस मुद्दे पर पार्टी की आगे की राजनीतिक गतिविधियों पर विचार किया जाएगा।
पार्टी नेतृत्व की ओर से विरोध की रणनीति, आंदोलन के संभावित कार्यक्रम और अन्य राजनीतिक दलों के साथ समन्वय जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
संगठन की स्थिति की भी होगी समीक्षा
बैठक का एजेंडा केवल खनिज विधेयक तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर भी विस्तार से विचार किया जाएगा। बूथ से लेकर जिला स्तर तक चल रहे संगठन के पुनर्गठन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक के बाद संगठन से जुड़े आवश्यक निर्णय और आगामी कार्यक्रम तय किए जा सकते हैं। इसके अलावा पार्टी अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की जा सकेगी।
