कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंस्ग को 59 बॉल बाकी रहते 8 विकेट से रौंद दिया है. इस मैच में सुनील नारायण हीरो रहे.
चेन्नई: आईपीएल 2025 के 25वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स 59 बॉल बाकी रहते हुए 8 विकेट से रौंद दिया है. यह एमएस धोनी का बतौर कप्तान आईपीएल 2025 में पहला मैच था, जहां उन्हें अपने ही घर में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हार का सामना करना पड़ा है. यह कोलकाता नाइट राइडर्स की 6 मैचों में तीसरी जीत है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स की 6 मैचों में 5वीं हार है.
इस मैच में कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीता और चेन्नई को पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा, जिसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 103 रन बनाए और कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत के लिए 104 रनों का लक्ष्य दिया. इस लक्ष्य को केकेआर ने 10.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 107 रनों बनाकर हासिल कर लिया और मैच को 8 विकेट से जीत लिया.
सुनील नारायण ने गेंद और बल्ले से किया शानदार प्रदर्शन
केकेआर के लिए सीएसके से जीत के लिए मिले 104 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए क्रीज पर सुनील नारायण और क्विटंन डी कॉक आए. नारायण ने कोलकाता के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए. उन्होंने 18 बॉल में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 44 रनों की तूफानी पारी खेली. उन्हें नूर अहमद ने पवेलियन की राह दिखाई.
सुनील नारायण के अलावा डी कॉक ने 23 रन बनाए. अजिंक्य रहाणे ने नाबाद 20 और रिंकू सिंह ने नाबाद 15 रन बनाकर टीम को मैच जिता दिया. सीएसके के लिए नूर अहमद और अंशुल काम्बोज ने 1-1 विकेट लिया. नारायण ने गेंद के साथ भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट चटकाए. सुनील ने राहुल त्रिपाठी (16), रविंद्र जडेजा (0) और एमएस धोनी (1) को पवेलियन की राह दिखाई.
नहीं चला सीएसके का कोई भी बल्लेबाज
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने हुए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 103 रन ही बना पाई. टीम के लिए सबसे ज्यादा रन शिवम दुबे ने बनाए. उन्होंने 29 बॉल पर 3 चौकों के साथ 31 रनों की नाबाद पारी खेली और विजय शंकर ने 21 बॉल में 2 चौके और 1 छक्के के साथ 29 रन बनाए.
इन दोनों के अलावा स्टार बल्लेबाज से भरी सीएसके की टीम का कोई अन्य बल्लेबाज 20 रनों का आंकड़ा भी नहीं छू पाया. वहीं केकेआर के लिए सुनील नारायण ने 3, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा ने 2-2, जबकि वैभव अरोड़ा और मोईन अली ने 1-1 विकेट लिया.


