जामताड़ा, 4 नवंबर 2026: भारतीय डाक विभाग की सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को जामताड़ा कोर्ट परिसर में डाक चौपाल का आयोजन किया गया। इसका आयोजन जामताड़ा मुख्य डाकघर एवं अनुमंडलीय डाक विभाग की ओर से किया गया। कार्यक्रम में लोगों को डाकघर की विभिन्न बचत, निवेश और बीमा योजनाओं की जानकारी दी गई।
डाक विभाग की योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण डाक सेवक भागीरथ पंडित ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग केवल चिट्ठी और पार्सल पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई बचत एवं बीमा योजनाएं भी संचालित करता है।
उन्होंने बताया कि डाक विभाग की प्रमुख योजनाओं में सुकन्या समृद्धि योजना, किसान विकास पत्र, बचत खाता, आवर्ती जमा (RD), सावधि जमा (TD), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) और डाक जीवन बीमा (PLI) शामिल हैं।
छोटी बचत से भविष्य के लिए तैयार कर सकते हैं पूंजी
भागीरथ पंडित ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से लोग अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार नियमित रूप से छोटी-छोटी बचत कर सकते हैं और भविष्य के लिए पूंजी तैयार कर सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे डाकघर की सेवाओं से जुड़ें और अपनी जरूरत के अनुसार उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाएं। सुरक्षित निवेश और नियमित बचत के जरिए अपने तथा परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास करें।
कई ग्रामीण डाक सेवक रहे मौजूद
डाक चौपाल में राम प्रसाद पाल, सुमन कुमार, उज्ज्वल दत्ता, मुबारक अंसारी, बसंत भैया, दीपक कुमार, जयपाल कुमार, मुकेश महतो, बाबूजन टुडू, प्रीति कुमारी और राहुल कुमार सहित कई ग्रामीण डाक सेवक उपस्थित रहे।
BHARATSUPERFASTNEWS
