Sunday, June 21, 2026

‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है.

Share

‘कॉकटेल 2’ को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. इसी उत्साह को बरकरार रखने के लिए मेकर्स ने आज, 2 जून को मुंबई में एक भव्य कार्यक्रम में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया है, जिसमें फ़ैन्स को उस मस्ती, हलचल और इमोशनल ट्विस्ट की झलक मिली, जिनका उन्हें इंतजार है.

होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में हैं. यह लोकप्रिय ‘कॉकटेल’ सीरीज का सीक्वल है. फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने में अब बस दो हफ्ते ही बचे हैं, ऐसे में फिल्म के मेकर्स ने मुंबई में एक शानदार लॉन्च इवेंट में आखिरकार ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है. पहले इसे 29 मई को रिलीज किया जाना था, लेकिन इसे आज, 2 जून को रिलीज किया गया है.

मेकर्स ने ट्रेलर को यूट्यूब पर अपलोड कर दिया है. 3 मिनट 1 सेकंड के ट्रेलर में प्यार, दोस्ती और शादी की कहानी की झलक दिखाई गई है. ट्रेलर एक शाहिद कपूर के वॉयसओवर के साथ शुरू होता है, जिसमें वह कहते हैं, जब रिश्ता नया होता है न तब वह एक्साइटिंग होता, क्योंकि वह नया होता है. नए दोस्त मजेदार लगते हैं क्योंकि उनकी कहानियां हमारे लिए नई होती हैं. पुराने दोस्तों की वहीं कहानियां सुन-सुनकर हम पक जाते हैं. लेकिन उस फटी हुई टी-शर्ट की तरह होता है, जिसमें हम रोज रात सुकून से होते हैं. पर प्यार जब प्यार दोस्ती बन जाता है और दोस्ती में प्यार का रंग मिल जाता है तो इससे बचने का एक ही सॉल्यूशन रह जाता है.’

इस बीच हमें शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की झलकियां दिखाई जाती है. इसके बाद दर्शकों को कुणाल (शाहिद), दीया (रश्मिका) और एली (कृति) से परिचय कराया जाता है. छुट्टियों के दौरान, कुणाल और दीया की जोड़ी की मुलाकात आजाद-ख्याल एली से होती है, और उनकी जिंदगी एक नया मोड़ ले लेती हैय जैसे-जैसे उनकी दोस्ती एक लव-ट्रायंगल में बदलती है, काफी कन्फ्यूजन और उथल-पुथल मच जाती है.

रोमांचक और रंग-बिरंगा यह ट्रेलर दर्शकों को कई शानदार जगहों की सैर कराता है, जहां यह तिकड़ी पार्टियों, रोमांचक कारनामों और जिंदगी को पूरी तरह से जीने का भरपूर मजा लेती नजर आती है. कुणाल और दीया एक-दूसरे के प्यार में पूरी तरह डूबे हुए हैं और ऐसा लगता है कि वे शादी की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि एली उनकी एक करीबी दोस्त की भूमिका निभा रही हैं.

हालांकि, कहानी में एक जबरदस्त मोड़ तब आता है, जब यह पता चलता है कि एली और दीया के बीच हुई एक गड़बड़ी का खामियाजा कुणाल को भुगतना पड़ता है. ट्रेलर में उलझन, हंसी-मजाक और जज्बाती उतार-चढ़ाव से भरी एक जबरदस्त कहानी की झलक मिलती है.

होमी अदजानिया की निर्देशित और दिनेश विजान, लव रंजन, प्रमिता आर. विजान तथा अंकुर गर्ग की निर्मित ‘कॉकटेल 2’ की कहानी तरुण जैन और लव रंजन ने लिखी है. यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसमें दर्शकों को दोस्ती, प्यार और उथल-पुथल का एक मिला-जुला अनुभव मिलने वाला है.

Read more

Local News