टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर केएल राहुल पिता बन गए हैं. उनकी पत्नी आथिया शेट्टी ने एक बेबी गर्ल को जन्म दिया है.
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल के घर खुशियों ने दस्तक दी है. राहुल आज यानी 24 मार्च (सोमवार) को पिता बन गए हैं. उनकी पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस आथिया शेट्टी ने बेटी को जन्म दिया है. अब राहुल और आथिया एक बेबी गर्ल के माता-पिता बन चुके हैं.
राहुल-आथिया बने माता-पिता
राहुल और आथिया दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने माता-पिता बनने की जानकारी दी है. इन दोनों ने अपने इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट पर एक ग्राफिक्स फोटो शेयर किया है. इस तस्वीर में ब्लेस्ड विद बेबी गर्ल लिखा हुआ है. इसके बाद से ही इन दोनों के फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं.
बेटी के जन्म के लिए छोड़ा राहुल ने मैच
आपको बता दें कि इस समय आईपीएल 2025 खेला जा रहा है. इस सीजन का चौथा मैच दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जा रहा है. केएल राहुल दिल्ली की टीम का हिस्सा हैं, उन्होंने इस मैच में हिस्सा नहीं लिया. अब उनके इस मैच में न खेलने की वजह सामने आ गई है. वह पिता बनने वाले थे और उनकी पत्नी आथिया बच्चे को जन्म देने वालीं थीं, जिसके चलते वह मैच नहीं खेल पाए और अपनी पत्नी के साथ मौजूद रहे.
आपको बता दें कि बॉलीवुड के सुपर स्टार सुनील शेट्टी की बेटी आथिया शेट्टी से भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल ने 23 जनवरी 2023 के मुंबई के खंडाला में एक्टर के फॉर्महाउस पर धूमधाम के साथ शादी की थी. अब ये दोनों माता-पिता बन चुके हैं. जबकि सुनील शेट्टी नाना बन गए हैं. यह मौका दोनों के परिवार के लिए खुशियों से भरा हुआ है.
![]()


