Saturday, July 25, 2026

एक महीने की बेटी को मां ने जिंदा तालाब में फेंका

Share

कहते हैं कि एक मां अपने बच्चे के लिए अपना सबकुछ छोड़ सकती है. लेकिन बिहार के मोतिहारी में एक  कलयुगी मां ने अपनी 1 माह की बेटी को बीते रविवार की रात तालाब में फेंक कर मार डाला. इतना ही नहीं बच्ची को तालाब में फेंकने के बाद पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए महिला ने  डायल-112 को फोन कर शिकायत करते हुआ कहा कि उसकी एक माह की बच्ची का किसी ने अपहरण कर लिया है. फिर बीते सोमवार (03 फरवरी) को उसने हरपुर थाना पहुंचकर अपहरण के संबंध में आवेदन भी दिया. 

बच्ची की तबीयत हमेशा खराब रहती थी इसलिए मार डाला: आरोपी

घटना के सामने आने के बाद पुलिस जब जांच में जुटी तो शक की सुई महिला की तरफ घुमी. जिसके बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ किया तो पूरा मामला खुल गया. महिला ने बताया कि उसकी बच्ची की तबीयत हमेशा खराब रहती थी. इससे तंग आकर उसने अपनी एक माह की बेटी को जिंदा तालाब में फेंक दिया. वह खुद न फंसे इसलिए अपने बचाव में उसने डायल-112 को फोन कर अपहरण की सूचना दी. साथ ही थाने पहुंचकर आवेदन भी दिया. इसके बाद पुलिस महिला को साथ ले गई और बेलवा गांव के तालाब से शव निकाला गया. 

आरोपी गिरफ्तार 

इस मामले में हरपुर थानाध्यक्ष किशन कुमार ने बताया कि महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए उससे पूछताछ शुरू की गई. महिला ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि बच्ची की तबीयत हमेशा बिगड़ रही थी. इसके चलते तालाब में उसने फेंक दिया. खुद के बचाव के लिए पुलिस को उसने सूचना भी दी. महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है. बच्ची के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया है.

Read more

Local News