Thursday, July 2, 2026

इस बार चुनाव प्रचार के लिए 21 हेलीकॉप्टरों की बुकिंग की गई है जिनमें एनडीए और महागठबंधन दोनों शामिल हैं।

Share

बिहार में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। इस बार चुनाव प्रचार के लिए 21 हेलीकॉप्टरों की बुकिंग की गई है जिनमें एनडीए और महागठबंधन दोनों शामिल हैं। कोरोना काल में हेलीकॉप्टरों का उपयोग कम हुआ था लेकिन इस बार नेताजी का रूतबा बढ़ाने और समय बचाने के लिए इनका इस्तेमाल बढ़ गया है। सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर का किराया लगभग सवा लाख प्रति घंटा है

पटना। ये हेलीकॉप्टर बिहार की भदेस राजनीति के लिए उड़नखटोले हैं। कभी इनसे मैदान मारने के लिए माहौल भी बनाया जाता था। अब समय बचाने के साधन हैं।

हालांकि, प्रशंसकों के लिए आज भी ये कौतूहल की चीज हैं, क्योंकि ये जहां से उड़ते-उतरते हैं, वहां देखने के लिए जुटान हो ही जाता है। इस बार का मुकाबला कुछ अधिक तगड़ा है, लिहाजा चुनाव प्रचार में दम-खम भी कुछ अधिक लगाया जाएगा।

यही कारण है कि हेलीकॉप्टरों की बुकिंग अपेक्षाकृत अधिक हो रही। सूत्र बता रहे कि इस बार राजनीतिक दलों द्वारा 21 उड़नखटोलों की बुकिंग कराई जा रही है। इनमें तीन चौथाई हेलीकॉप्टर एनडीए के होंगे, बाकी महागठबंधन के।

लैंडिंग और उड़ानों की संख्या में वृद्धि के कारण धरती पर धूम के साथ आसमान में भी बड़ी गड़गड़ाहट रहेगी। हेलीकॉप्टरों की यह संख्या अंतिम नहीं, क्योंकि आवश्यकतानुसार और बुकिंग संभव है।

कोरोना की वजह से 2020 में हुआ कम उपयोग

विधानसभा के पिछले चुनाव में भी हेलीकॉप्टरों का उपयोग 2015 की तुलना में कुछ कम हुआ था। 2020 कोरोना के कारण चुनाव प्रचार के कुछ दिशा-निर्देश अतिरिक्त थे। तब हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए स्थान का चयन निर्वाचन आयोग से हो रहा था।

जनसभा के लिए मैदानों की संख्या सीमित कर दी गई थी। इसके बाद भी स्टार प्रचारक खूब उड़े। तब राजद अपेक्षाकृत कम साधन-संपन्न था, लेकिन उसके नेता तेजस्वी यादव उड़ानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं से होड़ लेते रहे। वे प्रतिदिन औसतन 12 जनसभाएं कर रहे थे।

एक दिन तो तेजस्वी ने 19 जनसभाएं करके रिकॉर्ड ही बना दिया था, जो हेलीकॉप्टर की सहायता से ही संभव हुआ। इस बार भी तेजस्वी धुंआधार रैलियां करने वाले हैं। उनका कहना है कि महागठबंधन की ओर से सभी 243 सीटों पर वे ही चुनाव लड़ रहे।

इस दावे के साथ चुनाव प्रचार का दबाव स्वत: जुड़ जाता है। इसके लिए राजद ने पहले से ही दो हेलीकॉप्टरों की बुकिंग करा ली है। दो हेलीकॉप्टर कांग्रेस ने भी बुक कराए हैं और एक की व्यवस्था विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) करने वाली है।

महागठबंधन में सम्मिलित वाम दल चारपहिया से ही काम चलाएंगे। संयुक्त जनसभाओं के लिए उसके बड़े नेताओं को राजद-कांग्रेस के हेलीकॉप्टर का आसरा होगा। चर्चा है कि पप्पू यादव भी अपने बूते एक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करेंगे।

बिहार की जटिल भौगोलिक संरचना यात्रा में लगने वाले समय को बढ़ा देती है। सड़क मार्ग से किसी एक राजनेता के लिए प्रतिदिन आठ-दस जनसभाएं कर पाना संभव नहीं। उसके लिए हेलीकॉप्टर ही विकल्प हैं। हालांकि, इस पर खर्च अधिक होता है, लेकिन जीत की ललक में इसकी परवाह नहीं।

हेलीकॉप्टर से नेताजी का रूतबा भी बढ़ता है। उस पर सवार होकर वे पहुंचते हैं तो उनसे जुड़ी हाशिये की जनसंख्या को आत्मगौरव की अनुभूति होती है। अपने दौर में लालू प्रसाद इस तरीके से भी जनमत तैयार किया करते थे।

एनडीए के नेताओं ने कभी इसका प्रयास नहीं किया, क्योंकि उनके लिए हेलीकॉप्टर एक वाहन मात्र है। इस बार एनडीए 15 हेलीकॉप्टरों का उपयोग करने वाला है। इनमें दर्जन भर की बुकिंग भाजपा करा रही। दो जदयू के होंगे और लोजपा (रामविलास) भी एक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर रही।

बुकिंग की शर्त और किराया 

हेलीकॉप्टरों की मांग बढ़ने से किराये में भी वृद्धि हो जाती है। सिंगल इंजन वाला हेलीकॉप्टर प्रति घंटा लगभग सवा से डेढ़ लाख रुपये की दर से उपलब्ध है। डबल इंजन के लिए यह दर ढाई से तीन लाख के आसपास है। इस पर 18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त है।

सेवा-प्रदाता कंपनियों की शर्तों के अनुसार, बुकिंग के लिए प्रतिदिन न्यूनतम तीन घंटे का फ्लाइंग चार्ज देना होता है। यानी कि हेलीकॉप्टर उड़ान भरे या खड़ा रहे, तीन घंटे का फ्लाइंग चार्ज जोड़कर देना होगा। इससे अधिक उड़ान पर प्रति घंटे निर्धारित दर के हिसाब से भुगतान करना होता है।

वर्ष 2025 : 21 हेलीकॉप्टर बुक कराए जाने की पहल हुई है अब तक। एनडीए में भाजपा 12, जदयू दो और लोजपा (रामविलास) की ओर से हो रही एक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था। महागठबंधन में राजद-कांग्रेस दो-दो, वीआईपी और पप्पू यादव करा रहे एक-एक की बुकिंग।

वर्ष 2020: 13 हेलीकॉप्टरों की सेवा ली गई थी। भाजपा ने पांच, कांग्रेस ने दो और जदयू, राजद, वीआईपी, लोजपा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और जन अधिकार पार्टी ने एक-एक हेलीकॉप्टर की कराई थी बुकिंग।

वर्ष 2015: 26 हेलीकॉप्टर से स्टार प्रचारकों ने भरी थी उड़ान। उनमें अकेले भाजपा के 12 हेलीकॉप्टर थे। जदयू ने तीन, कांग्रेस, राजद, लोजपा, जन अधिकार पार्टी ने दो-दो और एक हेलीकॉप्टर की बुकिंग मुकेश सहनी ने कराई थी।

हेलीकॉप्टर और क्षमता

मॉडलसीटइंजन
बी-304सिंगल
बेल 40705सिंगल
रॉबिन्सन आर6605डबल
ईसी 13505डबल
बेल 42906डबल
अगोस्टा 10905डबल
एमडी 90006डबल
अगोस्टा 12908डबल

Read more

Local News