Wednesday, February 18, 2026

इक्सिगो ने अपने कारोबार में कृत्रिम मेधा (एआई) को बढ़ावा देने के लिए ओपनएआई के साथ सहयोग करने की बुधवार को घोषणा की.

Share

 यात्रा प्रौद्योगिकी कंपनी मेकमाईट्रिप और यात्रा मंच इक्सिगो ने अपने कारोबार में कृत्रिम मेधा (एआई) को बढ़ावा देने के लिए ओपनएआई के साथ सहयोग करने की बुधवार को घोषणा की.

इसका उद्देश्य कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित यात्रा खोज को बेहतर तरीके से पहचानना तथा यात्रियों की इच्छा को समझकर उन्हें बुकिंग योग्य नतीजों में बदलना है. यह घोषणा ऐसे समय आई है, जब देश के यात्रा बुकिंग परिवेश में मंचों द्वारा जेनएआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और संवादात्मक उपकरणों, जैसे बातचीत आधारित सहायक के जरिये उपयोगकर्ताओं की मंशा समझकर उन्हें बुकिंग में तब्दील करने की कोशिश की जा रही है.

मेकमाईट्रिप ने बयान में कहा कि कंपनी अपने अनुप्रयोग में नई कृत्रिम मेधा सुविधाओं को सक्षम करने के लिए ओपनएआई के अनुप्रयोग प्रोग्रामिंग अंतरफलक का उपयोग करेगी. इससे यात्रियों को बातचीत से मिली प्रेरणा को सीधे मेकमाईट्रिप के ‘मायरा’ चैट सहायक के जरिये बुकिंग में बदलने में मदद मिलेगी.

मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (समूह) राजेश मागो ने कहा कि ओपनएआई के साथ हमारी साझेदारी के जरिये कृत्रिम मेधा को कंपनी के स्वामित्व वाले यात्रा आंकड़ों से जोड़ा जाएगा ताकि बल्कि बड़े पैमाने पर बुकिंग हासिल की जा सके.

इक्सिगो समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आलोक बाजपेयी और समूह-सह सीईओ रजनीश कुमार ने कहा, “ओपनएआई के साथ हमारा सहयोग संगठन के भीतर और हमारे द्वारा सेवा प्रदान किए जाने वाले 50 करोड़ से अधिक यात्रा उपभोक्ताओं के लिए एआई और ‘एजेंटिक वर्कफ़्लो’ के एकीकरण को गति देगा.”

कंपनी बयान के अनुसार, इस सहयोग से इक्सिगो “कन्फर्म टिकट” और “अभीबस” में कृत्रिम मेधा के एकीकरण की प्रक्रिया तेज होगी और नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे. ओपनएआई, अमेरिकी कृत्रिम मेधा अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी कंपनी है.

Read more

Local News