भारतीय क्रिकेट बोर्ड BCCI ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज के लिए हाल ही में स्क्वाड का ऐलान किया था, जिसमें कई बड़े चौंकाने वाले फैसले भी देखने को मिले थे. जैसे कि सूर्यकुमार यादव से कप्तानी से हटाकर श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाना और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को टी20 टीम में शामिल करना शामिल है.
सिराज टी20 टीम से बाहर
तीन दिन पहले 6 जून को टी20 स्क्वाड का ऐलान किया गया था, लेकिन तीन दिन बाद ही स्क्वाड में फिर से एक बड़ा बदलाव करके सबको हैरान कर दिया है. इस बार बोर्ड ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर करने का फैसला किया है और उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया है.
BCCI ने क्या कहा?
बोर्ड ने एक प्रेस रिलीज जारी करके ये जानकारी दी. जिसमें उन्होंने लिखा, ‘BCCI की मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट के बीच बातचीत के बाद, सिराज को उनके वर्कलोड मैनेजमेंट प्रोग्राम के तहत आराम करने की सलाह दी गई है. यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है ताकि लंबे इंटरनेशनल सीजन से पहले वे पूरी तरह ठीक हो सकें. पुरुष चयन समिति ने दोनों T20I सीरीज के लिए सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को चुना है.’
टीम इंडिया 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. उसके बाद वो 5 टी20 मैचों के सीरीज के लिए इंग्लैंड रवानी होगी. जहां एक जुलाई से टी20 सीरीज का आगाज होगा.
बता दें कि 21 जून से शुरू होने वाली तेलंगाना टी20 क्रिकेट लीग (TG20) में मोहम्मद सिराज को वारंगल वॉरियर्स ने 14 लाख में खरीदा है. अब देखना ये है कि क्या सिराज इस लीग में खेलते हैं या नहीं?
आयरलैंड और इंग्लैंड T20 सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा


