पूर्वी चंपारण के श्रीपुर नवादा गांव में उस वक्त अफरा तफरी मच गयी, जब आम के बगीचे में पेड़ से लटका हुआ शव मिला. इस घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गयी.
बिहार के पूर्वी चंपारण जिला स्थित पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में वार्ड सदस्य जग्गू भगत के पुत्र उदय कुमार की हत्या कर दी गयी है. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. उदय कुमार का शव श्रीपुर नवादा स्थित आम के बगीचे में पेड़ से लटका हुआ मिला.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. यह घटना पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के श्रीपुर नवादा गांव की है.
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह खेत में काम करने गए एक किसान ने सबसे पहले शव को देखा. इसके बाद शोर मचाने पर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए. मृत की मां सोनी देवी ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम को उसका दोस्त बुलाकर ले गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि दोस्त ने खिला-पिलाकर रात में उदय की हत्या कर दी और शव को पेड़ से लटका दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दी है.


