Sunday, June 14, 2026

अब खुद-ब-खुद मिलेगा हर टॉपिक का अपडेट – Google का नया Information Agent फीचर लॉन्च.

Share

यह नया फीचर AI Mode में किसी भी टॉपिक को 24 घंटे मॉनिटर करता है और नई जानकारी आते ही यूजर को अपडेट भेजता है

 इंटरनेट पर किसी टॉपिक को ट्रैक करना अब एक बोरिंग काम लगने लगा है. किसी टॉपिक के बारे में पहले आपको बार-बार गूगल पर जाकर सर्च करना पड़ता था, न्यूज़ चेक करनी होती थी और तब जाकर पता चलता था कि उस टॉपिक के बारे में क्या चल रहा है, कुछ नया है या नहीं. अब गूगल ने इस पूरे प्रोसेस को बदल दिया है. कंपनी ने अपने एआई मोड (AI Mode) में “Information Agents” फीचर को लाइव कर दिया है, जो आपकी तरफ से पूरे वेब पर नज़र रखेगा और जैसे ही कोई नई जानकारी आएगी, वो सीधे आपको अपडेट भेज देगा.

इस फीचर को फिलहाल गूगल एआई अल्ट्रा (Google AI Ultra) सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है और यह एआई मोड के सभी भाषाओं में काम करता है. गूगल सर्च के वीपी ऑफ प्रोडक्ट रॉबी स्टेन (Robby Stein) ने एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए बताया कि इस सीज़न में इस फीचर को और भी ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाएगा. आपको याद दिला दें कि गूगल ने करीब तीन हफ्ते पहले अपने Google I/O में ही इस फीचर का ऐलान किया था और अब कंपनी ने इस फीचर को लाइव कर दिया है.

Information Agent काम कैसे करता है

इसे इस्तेमाल करना बेहद आसान है. इसके लिए आपको सिर्फ एआई मोड में जाकर किसी भी टॉपिक पर यह कहना है कि “मुझे इस विषय पर अपडेट रखो.” बस इतना करते ही आपका एजेंट उस टॉपिक को 24 घंटे, सातों दिन मॉनिटर करना शुरू कर देगा.

यह एजेंट न्यूज़ वेबसाइट्स, ब्लॉग्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स के अलावा गूगल के रियल-टाइम फाइनेंस, शॉपिंग और स्पोर्ट्स डेटा को भी स्कैन करता हैं. जैसे ही उस टॉपिक पर कुछ नया आता है, आपको एक डिटेल्ड अपडेट के साथ-साथ संबंधित वेबपेज के लिंक भी मिलते हैं.

अभी किसे मिलेगा नया फीचर

फिलहाल, यह सुविधा सिर्फ एआई अल्ट्रा प्लान वाले यूज़र्स को मिल रही है. जब गूगल ने मई में तब कहा था कि यह AI Pro और Ultra दोनों यूजर्स के लिए गर्मियों में आएगा. लेकिन अभी के रोलआउट में सिर्फ Ultra सब्सक्राइबर्स शामिल हैं. Pro यूजर्स को कब मिलेगा, इस बारे में अभी कोई पक्की तारीख नहीं बताई गई है. फ्री यूजर्स तक यह कब पहुंचेगा, यह भी अभी साफ नहीं है.

गूगल के इस कदम से यह साफ है कि आने वाले टाइम में सर्च सिर्फ सवाल पूछने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एआई खुद आपके लिए जानकारी जुटाता रहेगा. इसी दिशा में गूगल ने यह भी बताया है कि इस गर्मी तक अमेरिका में एजेंटिक बूकिंग यानी एआई की मदद से सीधे बुकिंग करने की सुविधा भी सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध होगी.

Read more

Local News