टीम इंडिया की IPL 2026 खत्म होने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ अपने घर में एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने वाली है. एकमात्र टेस्ट मैच 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएगा, जोकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं होगा. इसके बाद 14 जून (धर्मशाला), 17 जून (लखनऊ) और 20 जून (चेन्नई) को तीन वनडे मैच खेले जाएंगे.
इस सीरीज के लिए BCCI की चयन समिति 19 मई को टीम के स्क्वाड का ऐलान करने वाली है. ये द्विपक्षीय वनडे श्रृंखला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि विराट कोहली और रोहित शर्मा फिलहाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल इसी प्रारूप में खेलते नजर आते हैं. इसके अलावा चयनकर्ता बुमराह के कार्यभार पर भी नजर रखते हुए कोई फैसला लेंगे.
बुमराह को मिल सकता है आराम
इसलिए इस बात की संभावना कम है कि बुमराह को दोनों प्रारूपों के लिए चुना जाएगा. बुमराह ने आईपीएल में लगातार क्रिकेट खेला है, भारतीय टेस्ट टीम की जर्सी पहनने को हमेशा विशेष महत्व देने वाले बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में उतारा जाएगा या नहीं, यही सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है. सूत्रों के अनुसार, बुमराह अगर टेस्ट मैच खेलते हैं तो उन्हें वनडे श्रृंखला से आराम दिया जाएगा. वहीं, अगर वे वनडे मुकाबलों में उतरते हैं तो टेस्ट से विश्राम मिल सकता है.
इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
देवदत्त पडिक्कल
चेतेश्वर पुजारा के बाद टेस्ट टीम में नंबर तीन बल्लेबाजी क्रम अब तक स्थिर नहीं हो पाया है. साई सुदर्शन को अवसर मिले, लेकिन वह अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके. अब उम्मीद जताई जा रही है कि देवदत्त पडिक्कल को घरेलू सत्र की शुरुआत से लगातार मौके दिए जाएंगे.
आकिब नबी
टेस्ट मैच के लिए अगर बुमराह उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो नई गेंद की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कंधों पर रहने की संभावना है. आकाश दीप और हर्षित राणा दोनों चोटिल हैं, ऐसे में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर मौका मिल सकता है. जम्मू-कश्मीर को ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने वाले आकिब नबी अहम भूमिका निभाई थी. रणजी ट्रॉफी के पिछले सत्र में उन्होंने 60 विकेट झटके थे.
प्रिंस यादव
आईपीएल में अपनी तेज रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव को वनडे श्रृंखला में आजमाया जा सकता है. विजय हजारे ट्रॉफी के पिछले सत्र में उन्होंने आठ मैचों में 17 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था. उन्होंने आईपीएल 2026 में भी 12 मुकाबलों में 16 विकेट लेकर प्रभावित किया है। विराट कोहली को शानदार सीम गेंद पर आउट करना उनके प्रदर्शन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा. हर्षित राणा के जल्द फिट होने की संभावना कम होने के कारण प्रिंस को आजमाने के लिए यह श्रृंखला उपयुक्त मानी जा रही है.
स्पिन विभाग में रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर लगभग तय माने जा रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चुनी गई पिछली टीम की तुलना में अक्षर पटेल की जगह पर जरूर सवाल उठ सकते हैं.
अफगानिस्तान टेस्ट के लिए भारत का संभावित स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान), यशसवीय जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रिसिध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, आकिब नबी डार.


