मकेर. मकेर थाना क्षेत्र के बाघाकोल गांव से एक सप्ताह पहले शादी की नीयत से अपहृत युवती को मकेर पुलिस ने वैशाली जिले के गरौला थाना क्षेत्र से बरामद किया है. पुलिस ने इसे गरौल पुलिस के सहयोग से बुधवार को गिरफ्तार किया और युवती को छपरा न्यायालय भेजने के लिए 164 के बयान के लिए भेज दिया है. गौरतलब हो कि 28 मार्च को युवती को उस समय अपहृत कर लिया गया था जब वह शौच के लिए घर से बाहर जा रही थी. युवती की मां, देवकली देवी ने मकेर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी थी, जिसमें गांव के मोती सहनी के बेटे मन्नु कुमार सहित सात अन्य लोगों पर आरोप लगाया था. मां का आरोप था कि इन लोगों ने शादी की नीयत से उनकी बेटी का अपहरण किया था. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मकेर पुलिस ने छानबीन शुरू की और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की. मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी चंदा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य बिंदुओं से जांच शुरू की. जांच के दौरान युवती का लोकेशन वैशाली जिले के गरौला क्षेत्र में पाया गया. इसके बाद मकेर पुलिस ने गरौला पुलिस से सहयोग लिया और युवती को बरामद कर लिया. हालांकि इस दौरान कोई भी आरोपित पकड़ा नहीं जा सका. पुलिस ने युवती से पूछताछ की और उसे बुधवार को 164 के बयान के लिए छपरा न्यायालय भेज दिया है.
Share
Read more


