हजारीबाग: जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय नॉकआउट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता 29 से 31 अगस्त तक होगी। इसमें उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सात जिलों के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में हजारीबाग के अलावा कोडरमा, रामगढ़, चतरा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
छह खेलों में होगा मुकाबला
इस खेल महोत्सव में कुल छह खेलों को शामिल किया गया है। इनमें आर्चरी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, फुटबॉल और एथलेटिक्स शामिल हैं।
जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम के अनुसार, सभी खेलों को मिलाकर करीब 1,288 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए जिला प्रशासन की ओर से ठहरने, भोजन और पेयजल जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
8.30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि
टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के लिए कुल 8.30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। महिला और पुरुष वर्ग के लिए पुरस्कार राशि में समानता रखी गई है। विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार के साथ मेडल और ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी।
आयोजन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे, ताकि उन्हें आगे खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
25 अगस्त को निकलेगी खेल मशाल यात्रा
आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सह मेयर अरविंद कुमार राणा ने बताया कि 25 अगस्त को ओलंपिक मशाल और बैंड के साथ शहर में प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसमें विभिन्न खेल संघों और आयोजन से जुड़े लोग शामिल होंगे।
29 अगस्त को प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं की सांस्कृतिक और अन्य प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।
स्टेडियम में दिखेगी खेल और महापुरुषों की झलक
आयोजकों के मुताबिक स्टेडियम के 12 स्टैंडों को महापुरुषों के नाम से सजाने की तैयारी है। परिसर में महापुरुषों और खिलाड़ियों की तस्वीरें भी लगाई जाएंगी। इसका उद्देश्य खेल के साथ युवाओं को प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से परिचित कराना है।
11 सदस्यीय आयोजन समिति गठित
हजारीबाग ओलंपिक संघ ने प्रतियोगिता के संचालन के लिए 11 सदस्यीय आयोजन समिति बनाई है। इसमें उपाध्यक्ष सह मेयर अरविंद कुमार राणा, सचिव हर्ष अजमेरा, राकेश रंजन, करण जायसवाल, आलोक कुमार, भैया मुरारी, नीलेंदु जयपुरियार, प्रोफेसर राखो हरि, चंद्रशेखर सिंह, परिमल और मंसूर आलम शामिल हैं।
इसके अलावा जिला खेल पदाधिकारी के नेतृत्व में तकनीकी समिति भी बनाई गई है। आयोजन के अलग-अलग कार्यों के लिए अधिकारियों और सदस्यों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
आयोजन समिति के सचिव हर्ष अजमेरा ने बताया कि उपायुक्त हेमंत सती को आयोजन समिति का चेयरमैन, मेयर अरविंद राणा को उपाध्यक्ष और उन्हें सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम तकनीकी सचिव होंगे, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी प्रहलाद सिंह को सौंपी गई है।
हर जिले की अलग ड्रेस
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए जिलावार अलग ड्रेस कोड तय किया गया है। आयोजकों का कहना है कि इससे खिलाड़ियों की टीमों की अलग पहचान बनेगी और प्रतियोगिता का माहौल भी बेहतर होगा।
आयोजन समिति ने उम्मीद जताई है कि यह टूर्नामेंट क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देगा और युवा खिलाड़ियों को भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
