सैमसंग ने अपनी हेल्थ ऐप को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है. कंपनी ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि सैमसंग हेल्थ ऐप में कुछ नए फीचर्स आने वाले हैं और इसकी शुरुआत 8 जून से होगी. हालांकि, कंपनी तय समय पर यह अपडेट नहीं ला सकी, लेकिन अब यूज़र्स के लिए सैमसंग हेल्थ का नया वर्ज़न रोलआउट होना शुरू हो गया है.
टेक एक्सपर्ट तरुण वत्स ने एक्स प्लेटफॉर्म पर इस अपडेट की जानकारी शेयर की है. उनके मुताबिक, सैमसंग हेल्थ का वर्ज़न 7.00.0.107 अब ग्लोबल लेवल पर रोल आउट होना शुरू हो गया है. फिलहाल यह अपडेट उन डिवाइसेज को मिल रहा है जो वन यूआई 9.0 पर चल रहे हैं. इसमें ध्यान देने वाली बात यह है कि वन यूआई 9.0 अभी सिर्फ Galaxy S26 Series में बीटा वर्ज़न के तौर पर मौजूद है, यानी बाकी डिवाइसेज को इसका इंतजार करना होगा.
इस अपडेट की खास बात
इस नए वर्ज़न की सबसे खास बात वाइटल फीचर है, जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा भी हो रही है. यह रातभर की बायोमैट्रिक जानकारी को ट्रैक करता है. तरुण वत्स ने जो स्क्रीनशॉट्स शेयर किए हैं, उनमें साफ दिख रहा है कि ऐप का इंटरफेस पूरी तरह से बदल गया है. वाइटल्स फीचर्स पांच अलग-अलग बायोलॉजिकल सिग्नल्स को एनालाइज़ करता है. इनमें हार्ट रेट, हार्ट रेट वैरिएबिलिटी, सांस लेने की रफ्तार, स्किन टेम्परेचर और ब्लड ऑक्सीजन लेवल शामिल हैं. अगर इनमें से किसी भी पैरामीटर में सामान्य से ज्यादा बदलाव आता है तो ऐप यूज़र को अलर्ट भेज देता है.
नए वर्ज़न में हार्ट हेल्थ स्कोर नाम का फीचर भी जोड़ा गया है, जो स्लीप पैटर्न, स्ट्रेस लेवल, एक्टिविटी और बॉडी कंपोजिशन डेटा को मिलाकर एक सिंगल स्कोर तैयार करता है. इसके साथ ही डेली कार्डियो लोड फीचर भी आया है, जो एक्सरसाइज के दौरान हार्ट पर पड़ने वाले प्रेशर को नापता है और यूज़र्स को बेहतर ट्रेनिंग टारगेट और आराम करने का टाइम का सजेशन देता है.
Galaxy Watch 9 में मिलने वाले फीचर्स
फिटनेस इंडेक्स नाम का तीसरा बड़ा फीचर हार्ट रेट, VO2 Max और रोजाना चलने वाले कदमों की गिनती पर नजर रखता है. सैमसंग ने पहले ही साफ कर दिया था कि ये सभी नए फीचर्स आने वाली गैलेक्सी वॉच सीरीज में मिलेंगे.
कंपनी की अगली स्मार्टवॉच गैलेक्सी वॉच 9 और वॉच 9 क्लासिक को गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट में लॉन्च किया जा सकता है, जो 22 जुलाई को आयोजित किया जा सकता है. ऐसे में फिलहाल यूज़र्स को इन फीचर्स का पूरा फायदा उठाने के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है.
