Tuesday, August 4, 2026

सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, भक्तों ने किया भगवान शिव का अभिषेक

Share

लातेहार: सावन महीने की पहली सोमवारी पर जिलेभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही भक्त मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना करते नजर आए। पूरे माहौल में भक्ति और आस्था का रंग दिखाई दिया।

इस अवसर पर शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित देवी मंडप सह श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने नगर भ्रमण करते हुए यात्रा पूरी की और वापस मंदिर परिसर पहुंचे। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

कलश यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, उपाध्यक्ष संतोष रंजन कुमार, वार्ड पार्षद मनोज गुप्ता, जयराम कपूर, आजाद खान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के बाद भक्तों ने मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

सावन की पहली सोमवारी को शहर के बाजारटांड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। यहां तड़के चार बजे से ही पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। पुजारी मनोज दास शर्मा के मार्गदर्शन में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।

इसके अलावा पंचमुखी हनुमान मंदिर, राजहार स्थित शिव मंदिर, सोमेश्वर शिव मंदिर, जुबली चौक, बिजली कार्यालय परिसर और मंडल कारा स्थित शिवालयों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शिव को जल चढ़ाया और पूजा की।

सावन की पहली सोमवारी को लेकर शहर और आसपास के मंदिरों में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

Read more

Local News