सरायकेला: जिले में बालू के अवैध भंडारण और परिवहन पर निगरानी बढ़ाते हुए प्रशासन ने चौका थाना क्षेत्र के चांदूडीह स्थित दो लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों का निरीक्षण किया। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन कुमार ने संबंधित अधिकारियों और चौका थाना पुलिस की मौजूदगी में औचक जांच की।
निरीक्षण के दौरान गुप्ता एंड संस तथा महेश्वर हेंब्रम के लाइसेंसी स्टॉक यार्डों में उपलब्ध अभिलेखों और अनुमतियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने भंडारण से जुड़े लाइसेंस, विभिन्न विभागों से प्राप्त अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC), वन क्षेत्र से निर्धारित दूरी, स्वीकृत भंडारण क्षमता तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।
एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सभी रिकॉर्ड की गहन जांच कर जल्द विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन के अनुसार, इन स्टॉक यार्डों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों की ओर से संभावित अनियमितताओं की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जांच अभियान चलाया गया।
एसडीओ नितिन कुमार ने बताया कि फिलहाल दस्तावेजों का परीक्षण जारी है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। आने वाले समय में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
