Wednesday, April 29, 2026

सरायकेला के आयुष कुमार ने यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा में 143वीं रैंक हासिल की.

Share

 संघ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों में झारखंड के आयुष कुमार ने शानदार सफलता दर्ज की है. गम्हरिया स्थित टायो कॉलोनी के निवासी आयुष ने अखिल भारतीय स्तर पर 143वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है. सबसे खास बात यह है कि आयुष ने यह प्रतिष्ठित सफलता अपने पहले ही प्रयास में प्राप्त की है.

​विद्या ज्योति से शुरू हुआ सफर, इंजीनियरिंग के बाद लक्ष्य की प्राप्ति

​आयुष की प्रारंभिक शिक्षा टायो कॉलोनी स्थित विद्या ज्योति स्कूल से हुई, जहां उन्होंने दसवीं तक की पढ़ाई की. इसके बाद, उन्होंने बिस्टुपुर के चिन्मया विद्यालय से प्लस-टू की परीक्षा उत्तीर्ण की. उच्च शिक्षा के लिए वह छत्तीसगढ़ गए, जहां उन्होंने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से 2023 में इंजीनियरिंग डिजाइन में बीटेक की डिग्री हासिल की.

​वर्किंग प्रोफेशनल रहते हुए हासिल की सफलता

​इंजीनियरिंग के बाद आयुष का चयन बेंगलुरु की एक नामी कंपनी में प्रोडक्ट डिजाइनर के पद पर हुआ. नौकरी की जिम्मेदारियों को निभाते हुए भी उनका लक्ष्य स्पष्ट था. उन्होंने महज डेढ़ साल की गंभीर तैयारी के साथ इस कठिन परीक्षा में जीत हासिल की. उनकी इस सफलता की खबर मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.

​परिवार में खुशी का माहौल

​आयुष के पिता, प्रदीप कुमार, जो वर्तमान में दुर्गापुर स्थित न्यू मेटालिक्स कंपनी में सीनियर फोरमैन के पद पर कार्यरत हैं, अपने बेटे के इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं. आयुष की माता को कॉलोनी और आस-पास के लोग लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं. वहीं, उनकी बहन भानुजा वर्तमान में कोलकाता में टीसीएस में कार्यरत हैं.

Read more

Local News