
चक्रधरपुर: डीआरएम आर ए एम का आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण, काम में लापरवाही पर कड़ी चेतावनी
सरायकेला: चक्रधरपुर डिवीजन के डीआरएम (डीविजनल रेलवे मैनेजर) आर ए एम ने हाल ही में आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। आदित्यपुर रेलवे स्टेशन, जो कि ‘अमृत योजना’ के तहत एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, का कार्य जनवरी माह में पूरा हो जाना था, लेकिन यह समय सीमा पार कर चुका है और काम पूरा नहीं हो सका।
निरीक्षण के दौरान, डीआरएम ने प्लेटफार्म की स्थिति और काम की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “यह एक प्रमुख स्टेशन है, और यहाँ पर काम की गुणवत्ता अपेक्षानुसार नहीं है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन वर्तमान में स्टेशन की स्थिति वैसी नहीं है। हमारी कोशिश है कि किसी भी यात्री को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। स्टेशन पर काम में जो कमियाँ हैं, उन्हें जल्दी ठीक किया जाएगा।
डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि स्टेशन पर काम की गति तेज करनी होगी और गुणवत्ता में सुधार लाना होगा। “यह एजेंसी की लापरवाही है, और हमें स्टेशन का काम जल्द पूरा करना होगा,” उन्होंने कहा।
इस निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कहा कि वे एक-एक करके सभी स्टेशनों का निरीक्षण कर रहे हैं और जहां कहीं भी काम की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उसे तुरंत सुधारने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे


