विक्की-कैटरीना ने आज अपने बेटे के नाम का खुलासा किया है. क्या आपको पता है कि जूनियर कौशल का नाम किसी फिल्म से कनेक्ट है?
बॉलीवुड के स्टार कपल विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने आज, 7 जनवरी को अपने बेटे के नाम का खुलासा किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने बेटे की पहली झलक के साथ बताया है कि आखिर उन्होंने अपने बेटे का नाम क्या रखा है. हालांकि उनके बेटे के नाम का कनेक्शन किसी फिल्म से जोड़ा जा रहा है. कौन-सी है वो फिल्म, चलिए आपको बताते हैं.
बुधवार को विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने इंस्टाग्राम पर एक ज्वाइंट पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपने बेटे के नाम का एलान किया है. कपल ने अपने बेटे का नाम विहान कौशल रखा है. इस जोड़ी ने अपने हाथों में अपनी नन्ही-सी जान की हाथ की तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘हमारी सूर्य की किरण, विहान कौशल, दुआएं कबूल हुईं. जिंदगी खूबसूरत है. हमारी दुनिया पल भर में बदल गई. शब्दों से परे आभार’.
इस पोस्ट में, एक्टर्स ने अपने बेटे का चेहरा नहीं दिखाया. लेकिन उन्होंने एक प्यारी सी फैमिली फोटो पोस्ट की जिसमें उन सबके हाथ दिख रहे थे, विहान का हाथ कैटरीना और विक्की के हाथों के बीच में था.

क्या आपको याद है कि 2019 की फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक में विक्की का नाम भी विहान था? जी हां, इस फिल्म में विक्की ने बहादुर मेजर विहान सिंह शेरगिल का किरदार निभाया था और यह फिल्म विक्की की सुपरहिट फिल्मों में से एक है. विक्की और कैटरीना ने अपने बेटे का नाम फिल्म उरी से इंस्पायर्ड होकर रखा है या नहीं, इस पर कुछ नहीं कहा जा सकता है. लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस इसे उरी फिल्म से जोड़ रहे हैं.

इस पोस्ट पर ऋतिक रोशन ने कमेंट करते हुए लिखा है, ‘गॉड ब्लेस, वेलकम विहान. बहुत अच्छी खबर. बधाई और प्यार.’ परिणीति चोपड़ा, दीया मिर्जा, अदिति राव हैदरी, भूमि पेडनेकर, सोनम कपूर समेत कई सितारों ने कपल के इस पोस्ट पर लाल दिल साझा करते हुए प्यार बरसाया है. वहीं, एक यूजर ने लिखा है, ‘उरी में विक्की का नाम विहान था.’ जबकि एक ने ‘विहान शेरगिल’ लिखा है.
विहान का अर्थ
विहान शब्द संस्कृत से लिया गया है और व्यापक रूप से इसका अर्थ भोर, सुबह या सूर्य की पहली किरणें होता है. गहरे अर्थ में देखा जाए तो यह नई शुरुआत, नई ऊर्जा और उस क्षण का प्रतीक है.
बता दें कि विक्की और कैटरीना, जिन्होंने दिसंबर 2021 में शादी की थी, ने नवंबर 2025 में अपने पहले बच्चे, एक बेटे का स्वागत किया. इस कपल ने एक प्यारी सी पोलरॉइड तस्वीर के साथ प्रेग्नेंसी का एलान किया था, जिसमें कैटरीना बेबी बंप दिखा रही थीं और इसने सच में लाखों लोगों का दिल पिघला दिया था
विक्की और कैटरीना ने बहुत ही प्यारे तरीके से बच्चे के आने के बारे में खबर दी. उन्होंने इंस्टाग्राम पर इसके बारे में जानकारी देते हुए लिखा, ‘हमारा नन्हा फरिश्ता आ गया है. बहुत प्यार और आभार के साथ हम अपने बेटे का स्वागत करते हैं.


