Tuesday, July 21, 2026

लातेहार जिला क्रिकेट संघ का चुनाव 26 जुलाई को, 9 पदों के लिए होगा मतदान.

Share

लातेहार: लातेहार जिला क्रिकेट संघ (LDCA) के नए पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संघ के सचिव अमलेश कुमार सिंह ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है और मतदान 26 जुलाई को आयोजित होगा। चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार उपाध्याय की देखरेख में संपन्न कराई जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 23 जुलाई को इसी समयावधि में नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। इच्छुक उम्मीदवार उसी दिन दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक अपना नामांकन वापस भी ले सकेंगे।

मतदान 26 जुलाई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होटल ब्लिस में कराया जाएगा। वोटों की गिनती उसी दिन दोपहर 2:30 बजे शुरू होगी और मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इस चुनाव में संघ के कुल 9 पदों के लिए मतदान होगा। इनमें अध्यक्ष, एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तीन उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और दो संयुक्त सचिव के पद शामिल हैं। चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी आगामी कार्यकाल के लिए जिले में क्रिकेट गतिविधियों के संचालन और विकास की जिम्मेदारी संभालेगी.

Read more

Local News