लखीसराय जिले के कवैया थाना क्षेत्र में किऊल नदी में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई. बुधवार सुबह महादलित परिवार की तीन बहनें नदी किनारे कपड़ा धोने गई थीं
बिहार के लखीसराय जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. किऊल नदी में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा बुधवार सुबह कवैया थाना क्षेत्र के सूर्यनारायण घाट के पास हुआ. जब महादलित परिवार की तीन बहनें नदी किनारे कपड़ा धोने गई थीं.
छोटी बहन ने मचाया शोर
मृतकों की पहचान 14 वर्षीय अंकिता और 10 वर्षीय खुशी कुमारी के रूप में हुई है. दोनों वार्ड नंबर 25 निवासी रंजीत तुरी की बेटियां थीं. उनकी 8 वर्षीय छोटी बहन कोमल भी उनके साथ थी, जिसने अपनी बहनों को डूबते देखा और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया. लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी.
पुलिस ने बरामद किए शव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे. शवों को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इस दर्दनाक हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.


