रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में दिव्यांग विद्यार्थियों की शैक्षणिक और प्रशिक्षण संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इनेबलिंग यूनिट की शुरुआत की गई है। इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई, क्लिनिकल ट्रेनिंग और इंटर्नशिप के दौरान आने वाली दिक्कतों के समाधान में सहायता उपलब्ध कराना है।
इनेबलिंग यूनिट रिम्स के प्रशासनिक भवन के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित होगी। विद्यार्थी यहां अपनी समस्याओं, आवश्यक सुविधाओं और अन्य अनुरोधों से संबंधित आवेदन दे सकेंगे। इसके बाद यूनिट संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय कर समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।
छह सदस्यीय समिति करेगी निगरानी
इनेबलिंग यूनिट के संचालन और निगरानी के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की गई है। प्रो. बेला रोज एक्का को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
समिति में डॉ. अनुपा प्रसाद, डॉ. राहुल प्रसाद, डॉ. मिथिलेश कुमार, डॉ. सोनल सैगल और डॉ. रीता कुमारी को सदस्य बनाया गया है।
क्लास से लेकर इंटर्नशिप तक मिलेगी सहायता
यूनिट की जिम्मेदारी केवल कक्षाओं में पढ़ाई तक सीमित नहीं होगी। दिव्यांग विद्यार्थियों को क्लिनिकल प्रशिक्षण और इंटर्नशिप के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं में भी मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
विद्यार्थियों की जरूरत के मुताबिक संबंधित विभागों से संपर्क कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। संस्थान में आवागमन, कक्षाओं तक पहुंच और प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक सहयोग जैसे विषयों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
RPwD Act और NMC के दिशा-निर्देशों पर जोर
इनेबलिंग यूनिट दिव्यांगता मूल्यांकन बोर्ड, फैकल्टी सदस्यों, अस्पताल प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेगी। विद्यार्थियों को सुविधाएं दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 (RPwD Act) और NMC के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
रिम्स का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और संस्थागत स्तर पर अधिक सुगम एवं बाधा-मुक्त वातावरण तैयार करना है।
दाखिले के समय दी जाएगी यूनिट की जानकारी
संस्थान में प्रवेश लेने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को इनेबलिंग यूनिट के बारे में जानकारी दी जाएगी। यूनिट की भूमिका और संपर्क विवरण रिम्स की वेबसाइट तथा नोटिस बोर्ड पर भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी सीधे संपर्क कर सकें।
यूनिट विद्यार्थियों से प्राप्त आवेदनों और उन्हें उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का रिकॉर्ड भी रखेगी। इस दौरान विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने और दिव्यांगता के आधार पर भेदभाव रोकने पर भी जोर दिया जाएगा।
इस नंबर और ईमेल पर कर सकते हैं संपर्क
इनेबलिंग यूनिट की मुख्य संपर्क अधिकारी डॉ. अनुपा प्रसाद, सब डीन-I हैं। विद्यार्थी सहायता या अपनी समस्या के संबंध में 9801370930 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा anupaprasad651@gmail.com पर ईमेल भेजकर भी जानकारी या सहायता प्राप्त की जा सकती है।
