Thursday, July 2, 2026

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) पटना सहित देशभर के इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले के लिए जोसा काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है।

Share

एनआईटी पटना में इंजीनियरिंग दाखिले के लिए जोसा काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है, जिसमें बीटेक के लिए 13 से 18 अगस्त और एमटेक/पीएचडी के लिए 5 से 11 अगस्त तक अंतिम प्रवेश होंगे।

पटना। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) पटना सहित देशभर के इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले के लिए जोसा काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है। एनआईटी पटना में काउंसलिंग और सीट एक्सेप्टेंस की प्रक्रिया चल रही है। अंतिम प्रवेश जोसा और सीसैब के सभी राउंड खत्म होने के बाद 13 से 18 अगस्त के बीच होंगे।

  • एनआईटी के अकादमिक डीन प्रो. एमपी सिंह ने बताया कि छात्रों की पहली पसंद कंप्यूटर साइंस (सीएस), इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल ब्रांच है। छात्रों ने पहले राउंड में 899 और दूसरे में 92 सीटें लॉक की हैं। काउंसलिंग का तीसरा राउंड छह जुलाई और चौथा 10 जुलाई को होगा।
  • इसके बाद खाली सीटों के लिए सीसैब का स्पेशल राउंड चलेगा। बीटेक के लिए छात्रों को 13 से 18 अगस्त के बीच कैंपस आकर प्रवेश लेना होगा। एमटेक और पीएचडी के दाखिले पांच से 11 अगस्त के बीच होंगे। तय समय पर न आने वाले छात्रों की सीट रद कर दी जाएगी।
  • सीट कन्फर्म करने के लिए सामान्य वर्ग को 35 हजार और एससी-एसटी को 15 हजार रुपये एक्सेप्टेंस फीस जोसा को देनी होगी। प्रवेश न लेने पर जोसा यह राशि वापस कर देगा।
  • आरक्षण नियमों के तहत ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल वर्ग के छात्रों को एक अप्रैल 2026 के बाद बना हुआ आय/जाति प्रमाणपत्र ही देना होगा, क्योंकि आय का आकलन हर वित्तीय वर्ष में बदलता है। एससी, एसटी और दिव्यांग छात्रों के सर्टिफिकेट आजीवन मान्य रहेंगे।

मुफ्त है च्वाइस फिलिंग की सुविधा

संस्थान ने छात्रों को सख्त हिदायत दी है कि वे च्वाइस फिलिंग और सीट दिलाने का झूठा दावा करने वाले दलालों या साइबर कैफे संचालकों से सावधान रहें। किसी को भी च्वाइस फिलिंग या काउंसलिंग के नाम पर 10-15 हजार रुपये न दें। किसी भी आईआईटी, एनआईटी या ट्रिपल आइटी सेंटर पर जाकर छात्र अपनी च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया बिल्कुल मुफ्त में पूरी कर सकते हैं। एनआईटी में इसके लिए अलग से लैब सक्रिय है। यहां छात्र-छात्राएं मुफ्त में च्वाइस फिलिंग कर सकते हैं।

Read more

Local News