रामगढ़: गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी मंगलवार को रजरप्पा स्थित डीएवी खेल मैदान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंचायत स्तर पर होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे बालक-बालिका खिलाड़ियों के बीच टी-शर्ट का वितरण किया।
सांसद ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में मेहनत और प्रतिभा के दम पर भी बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है।
महिला खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए चंद्रप्रकाश चौधरी ने नियमित रूप से अभ्यास जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और अनुशासन से शरीर स्वस्थ रहता है तथा जिस लक्ष्य को हासिल करने के लिए खिलाड़ी तैयारी कर रहे हैं, उसे प्राप्त करने की संभावना मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम से पहले स्टेडियम पहुंचने पर एकेडमी के सदस्यों ने सांसद का स्वागत किया। प्रशिक्षक हेमंत मुर्मू और कृष्णा महतो ने फूलों का गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
