Wednesday, November 4, 2026

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली का नौवां राउंड सफल, सिद्धू-कान्हू मैदान में महिला अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट जारी

Share

Ramgarh News, 4 November 2026: रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू मैदान में होमगार्ड बहाली के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) जारी है। बुधवार को निर्धारित समय पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का प्रारंभिक सत्यापन किया गया। इसके बाद उन्हें कतारबद्ध तरीके से मैदान में प्रवेश कराया गया। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रामगढ़ गैर-तकनीकी महिला अभ्यर्थियों और रामगढ़ महिला अभ्यर्थियों की दौड़ आयोजित की गई।

नौवां राउंड सफलतापूर्वक संपन्न

खबर लिखे जाने तक बहाली प्रक्रिया का नौवां राउंड सफलतापूर्वक पूरा हो चुका था। वहीं, अगले राउंड और शारीरिक दक्षता से जुड़ी अन्य जांच की प्रक्रिया जारी थी।

बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के लिए मैदान परिसर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के लिए वीडियोग्राफी कराई जा रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।

पेयजल, शेड और मेडिकल टीम की व्यवस्था

अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैदान में पेयजल, बैठने के लिए शेड और आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस व मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन, खेल विभाग और पुलिस बल के वरीय अधिकारी लगातार मैदान में मौजूद रहकर पूरी व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

अफवाहों और बिचौलियों से दूर रहने की अपील

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अनुशासन बनाए रखने और बहाली प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही उन्हें अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और बिचौलियों के झांसे में नहीं आने की हिदायत दी गई है।

प्रशासन के अनुसार, पूरी बहाली प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है, ताकि सभी योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।  BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News