रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. रांची स्थित मौसम केंद्र ने राज्य के कई जिलों में बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवा की संभावना जताई है. अगले तीन दिनों तक मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं.
गर्मी के तेवर कमजोर पड़ने के आसार
मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. उत्तर-पश्चिमी और निकटवर्ती उत्तर-मध्य क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है.
डाल्टनगंज का अधिकतम पारा 42.4 डिग्री पहुंचा
पिछले 24 घंटे के दौरान डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चाईबासा में 39.4 डिग्री और जमशेदपुर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा. पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 22.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.
राज्यसभा चुनाव के दिन ऑरेंज अलर्ट
18 जून को भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है. राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पूर्वी और मध्य भागों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है. राज्यसभा की दो सीटों के लिए 18 जून को होने वाले चुनाव के दिन राजधानी रांची में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं. दिन के दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है हालांकि किसी बड़े मौसमीय व्यवधान की संभावना नहीं है लेकिन तेज हवा और स्थानीय बारिश को देखते हुए सतर्कता बरतने की जरूरत होगी.
अधिकतम तापमान में गिरावट के आसार
19 जून को भी मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है. राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. मेघ गर्जन और तेज हवा की गतिविधियां भी जारी रह सकती हैं.
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.


