रांची: रांची जिला बार एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी ने सिविल कोर्ट के न्यायिक कार्य को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। एसोसिएशन के अनुसार, 10 अगस्त 2026 से रांची व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता नियमित रूप से न्यायिक कार्य में शामिल होंगे। इस संबंध में सभी अधिवक्ताओं को आवश्यक सूचना जारी कर दी गई है।
दोनों बार भवनों के काउंटर भी खुलेंगे
बार एसोसिएशन के निर्णय के तहत सोमवार से पुराने और नए दोनों बार भवनों में स्थित काउंटर पहले की तरह संचालित किए जाएंगे। अधिवक्ताओं से नियमित रूप से न्यायिक कार्य में भाग लेने और एसोसिएशन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
हालांकि, एसडीओ और एग्जीक्यूटिव कोर्ट से जुड़े न्यायिक कार्यों का बहिष्कार फिलहाल जारी रहेगा। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में पहले लिया गया अनिश्चितकालीन बहिष्कार का निर्णय अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
अन्य पूर्व निर्णय भी रहेंगे लागू
एडहॉक कमेटी ने कहा है कि न्यायिक कार्य दोबारा शुरू करने और बार भवनों के काउंटर खोलने के निर्णय के अलावा आमसभा अथवा एसोसिएशन द्वारा पहले लिए गए अन्य सभी फैसले यथावत रहेंगे।
कमेटी ने अधिवक्ताओं से एसोसिएशन के निर्णयों का अनुशासनपूर्वक पालन करने तथा आपसी एकता बनाए रखने की अपील की है। एडहॉक कमेटी के सदस्य संजय विद्रोही ने इस निर्णय की जानकारी दी।
