Saturday, July 18, 2026

रांची: मोरहाबादी वेंडिंग जोन-2 के 80 दुकानदारों को नगर निगम का नोटिस, 48 घंटे में मांगा जवाब.

Share

रांची: मोरहाबादी वेंडिंग जोन-2 में नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बाद रांची नगर निगम ने 80 वेंडरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित लाभुकों को 48 घंटे के भीतर शपथ-पत्र (एफिडेविट) के साथ अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या आरोप सही पाए जाने पर दुकान का आवंटन रद्द करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण में सामने आईं कई अनियमितताएं

नगर निगम की टीम ने 13 जुलाई को वेंडिंग जोन-2 का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान कई मामलों में नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिली। अधिकारियों के अनुसार, कुछ लाभुकों ने अपनी आवंटित दुकानें किराये पर दे दी थीं, जबकि कई लोगों ने दुकान मिलने के बावजूद अब तक व्यवसाय शुरू नहीं किया।

इसके अलावा कुछ दुकानदारों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने, वेंडिंग जोन के बाहर सड़क किनारे कारोबार करने और कुछ दुकानों में प्रतिबंधित या नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें भी जांच के दौरान सामने आईं।

जवाब के आधार पर होगी कार्रवाई

नगर निगम ने कहा है कि सभी नोटिसधारी वेंडरों के जवाब की समीक्षा की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं या निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित दुकान का आवंटन रद्द किया जा सकता है। इसके साथ ही नगर निगम अधिनियम और वेंडिंग नियमों के तहत अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

नियमों के पालन पर निगम का जोर

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि मोरहाबादी वेंडिंग जोन का उद्देश्य जरूरतमंद फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान पर व्यवसाय का अवसर उपलब्ध कराना है। यदि कोई लाभुक दुकान किराये पर देता है, आवंटन की शर्तों का उल्लंघन करता है या नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि निगम वेंडिंग जोन में पारदर्शिता, अनुशासन और स्वच्छ व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

वेंडरों से की गई अपील

नगर निगम ने सभी वेंडरों से अपील की है कि वे आवंटित दुकानों का संचालन स्वयं करें, निर्धारित नियमों का पालन करें और वेंडिंग जोन में स्वच्छता व अनुशासन बनाए रखें। निगम ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में भी नियमित निरीक्षण जारी रहेगा ताकि वास्तविक लाभुकों के हित सुरक्षित रह सकें और वेंडिंग जोन की व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Read more

Local News