रांचीः यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (YHAI), झारखंड राज्य शाखा एवं रांची यूनिट की ओर से रांची विश्वविद्यालय के सहयोग से 7वें झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड 2026 का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम गुरुवार को मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में संपन्न हुआ.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि सम्मान केवल किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि उसके कार्यों, मूल्यों और समाज के प्रति समर्पण का होता है. उन्होंने कहा कि यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहसिकता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
- इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 17 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया. समारोह में भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सी.पी. सिंह, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर, सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) जगनाथन चोकलिंगम, बिपिन कुमार राय, मनरखन महतो, विष्णु अग्रवाल सहित कई शिक्षाविद्, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
- इस कार्यक्रम की अध्यक्षता यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा के अध्यक्ष डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी (आईएएस) ने की. स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड उन व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का मंच है. जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और राज्य को नई पहचान दिलाई है तथा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हैं.

- अपने संबोधन में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भारत के युवा अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के दम पर विश्व स्तर पर नई पहचान बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करते हैं और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं.
- इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, स्वास्थ्य, खेल, फिल्म, रंगमंच, सामाजिक सेवा, ऊर्जा और डिजिटल शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 17 लोगों को झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 से सम्मानित किया गया. इनमें प्रो. गोपाल पाठक को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, इम्तियाज अली को फिल्ममेकिंग, राजेश कुमार को अभिनय, पंकज दुबे को लेखन, रोशनी खलखो को सामाजिक नेतृत्व, रिद्धिमा पाठक को स्पोर्ट्स एंकरिंग, डॉ. प्रेम कुमार को हेल्थकेयर एंड सर्जरी, राकेश रमन को थिएटर एंड लिटरेचर, संजय मिश्रा को पत्रकारिता, प्रो. अजय कुमार चट्टोराज को एजुकेशनल लीडरशिप, साक्षी जैन को डिजिटल एजुकेशन, सुनील सूर्यांत को रिन्यूएबल एनर्जी, शुभ लक्ष्मी शर्मा को क्रिकेट, एल. प्लाटोदीप सिंह को वुशु, प्रशांत सूरज को इवेंट मैनेजमेंट, वैशाली राज को उभरती पत्रकारिता तथा राजू तिर्की को अभिनय के क्षेत्र में सम्मानित किया गया.
इस समारोह के दौरान यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों, ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता शिविर और सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों पर विशेष प्रस्तुति भी दी गई. संस्था ने बताया कि झारखंड के युवा हर वर्ष देशभर में आयोजित साहसिक अभियानों में भाग लेकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं.



