Thursday, June 11, 2026

रांची में स्टेट योग सेंटर का अत्याधुनिक ‘योग स्टूडियो’ शुरू नहीं हो सका है. उपेंद्र कुमार की रिपोर्ट

Share

रांची: 21 जून को दुनियाभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की तैयारी चल रही है. झारखंड में भी विश्व योग दिवस मनाने की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं, लेकिन इन सभी के बीच रांची के स्टेट योग सेंटर में लाखों रुपये की लागत से बना अत्याधुनिक ‘योग स्टूडियो’ को अब भी किसी तारणहार का इंतजार है, जो इसका लोकार्पण करें और यहां से हर सुबह योग कक्षा का सीधा प्रसारण हो सके.

नहीं हुआ एक भी योग क्लास का प्रसारण

दरअसल, 2023 में ही बनकर पूरी तरह से तैयार इस साउंड प्रूफ स्टूडियों से अभी तक, एक भी योग क्लास का प्रसारण नहीं हो सका है. ईटीवी भारत ने जब इस मुद्दे पर राज्य के प्रभारी आयुष एवं निदेशक डॉ. शशि प्रकाश झा से बात की तो उन्होंने योग करने के फायदे बताते हुए इतना ही कहा कि देखते है कि ‘योग स्टूडियों’ को शुरू करने में कहां दिक्कत है.

सोशल मीडिया प्लेटफार्म से दूर दराज के तक पहुंचता योग

राजधानी रांची के ‘राज्य योग केंद्र’ में आयुष निदेशालय की पहल पर राज्य सरकार ने एक अत्याधुनिक ‘योग स्टूडियो’ का निर्माण कराया है. 2023 में यह बनकर तैयार हो गया था. योजना यह थी कि प्रशिक्षित योग शिक्षक, स्टूडियो में योग करने और उसे झारखंड सरकार अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से हर दिन सुबह सीधा प्रसारण किया जाएगा.

जनता को समर्पित नहीं हो सका है ‘योग स्टूडियो’

सरकार ने यह योजना इसलिए बनाई थी क्योकि राज्य में क्वालीफाइड योग प्रशिक्षक की कमी की वजह से जनता को योग करने में कोई दिक्कत न हो. हैरत की बात यह है कि 2023 से अब तक करीब 3 साल के बाद भी झारखंड राज्य योग सेंटर में बना ‘योग स्टूडियो’ जनता को समर्पित नहीं हो सका है. अब तक न तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को और न ही विभागीय मंत्री को इस ‘योग स्टूडियो’ का उद्घाटन करने का कोई समय मिल पा रहा है.

STATE YOGA Centre, RANCHI

राज्य योग सेंटर की योग प्रशिक्षक डॉ. अर्चना बताती हैं कि लोगों तक योग की बारीकियां पहुंचाना, किस बीमारी को दूर करने में कौन सा योग और व्यायाम कारगर होता है, इन सब जानकारियों को राज्य के दूरस्थ इलाके तक पहुंचाने के लिए यह स्टूडियो बेहद कारगर साबित होता.

अभी राज्य योग केंद्र में हर दिन सुबह छह बजे स्व योगाभ्यास की कक्षाएं लगती हैं लेकिन स्टूडियो से टेलीकास्ट नहीं होती है. वह बताती हैं कि शुरुआती दिनों में मानव संसाधन की कमी, एक बार शार्ट सर्किट और कई बार विभागीय अधिकारियों के बदल जाने की वजह से अभी तक यह स्टूडियो शुरू नहीं हो सका है.

हर दिन सुबह सुबह यहां से योग का होना था सीधा प्रसारण

दरअसल, 2020-21 में ‘योग स्टूडियो’ बनाने की योजना, इस उद्देश्य से बनी थी कि लोगों की सुबह की शुरुआत जब योग के साथ हो तो दूरदराज के इलाकों में बैठा आदमी भी अपने अपने घरों में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म या राज्य सरकार के विभिन्न मीडिया प्लेटफार्म पर योग का सीधा प्रसारण देख सके और उसके अनुसार खुद योग करके निरोग रह सके.

सफल नहीं हो सकी योजना को धरातल पर उतराने की योजना

इस योग स्टूडियो के जरिए योग कक्षाओं का सीधा प्रसारण किया जाना था. सरकार और आयुष निदेशालय की योजना के अनुसार, योग स्टूडियो का निर्माण किया गया. स्टूडियो बनकर तैयार भी हो गया लेकिन इसकी शुरुआत नहीं हो सकी है और न ही इसका उद्घाटन हो सका है. इसके जरिए राज्यभर के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को भी इससे जोड़ने की योजना भी धरातल पर नहीं उतर सकी है.

राज्य योग सेंटर के योग स्टूडियो में क्या कमियां हैं, उसे दूर कर जल्द इसे शुरू करवाने की पहल करेंगे. फिलहाल वह 21 जून को होने वाली अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं: शशि प्रकाश झा, प्रभारी निदेशक, झारखंड आयुष निदेशालय

Read more

Local News