Wednesday, May 13, 2026

रांची में पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरों के बीच प्रशासन ने बैठक की.

Share

रांची: राजधानी रांची में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है.

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर कुमार रजत ने विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम कुमार पांडेय भी मौजूद रहे.

इस बैठक में नामकुम और पिठोरिया क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी को लेकर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित हो रही खबरों की समीक्षा की गई. अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली. इस दौरान तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को बताया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा किसी भी प्रकार की आपूर्ति बाधित नहीं हुई है.

Ranchi District Administration Meeting Regarding Reports of Petrol and Diesel Shortage

जिला प्रशासन ने कहा कि कुछ स्थानों पर अफवाहों के कारण लोगों द्वारा जरूरत से अधिक ईंधन खरीदने की स्थिति बन रही है, जिससे कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी दबाव देखा गया. हालांकि कंपनियों ने स्पष्ट किया कि पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति लगातार जारी है.

बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने तेल कंपनियों को निर्देश दिया कि वे आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखें और लॉजिस्टिक या परिवहन से जुड़ी किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी कंपनियां आपसी समन्वय के साथ काम करें.

इसके साथ ही सभी तेल कंपनियों को अपने-अपने रिटेल आउटलेट्स की सतत मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर अनावश्यक भीड़, जमाखोरी या कृत्रिम संकट जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी. जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक स्तर पर निगरानी और तेज की जाएगी.

अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन की खरीदारी करें. उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित अपुष्ट खबरों पर भरोसा करने के बजाय लोग आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

Table of contents [hide]

Read more

Local News