रांची: लोगों की सुरक्षा को लेकर रांची नगर निगम ने शहर के जर्जर और खतरनाक भवनों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। निगम परिषद की बैठक में मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि ऐसे भवनों को चिन्हित कर जल्द ही उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कचहरी परिसर स्थित RRDA के जर्जर भवन को भी नगर निगम और RRDA के समन्वय से जल्द ध्वस्त करने की बात कही गई।
बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए शहर की सफाई, रोशनी और पूजा स्थलों तक बेहतर पहुंच सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
त्योहारों से पहले अखड़ों और पूजा स्थलों की होगी सफाई
नगर निगम की बैठक में करम पूजा, दुर्गा पूजा और छठ समेत आने वाले प्रमुख त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी वार्डों में करम अखड़ों और पूजा स्थलों की साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा शहर के गली-मोहल्लों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
जर्जर भवनों की होगी पहचान
मेयर ने कहा कि शहर में मौजूद पुराने और कमजोर भवनों से आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। ऐसे भवनों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में कचहरी स्थित RRDA के जर्जर भवन को नगर निगम और संबंधित प्राधिकरण के बीच समन्वय से हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
लाइट व्यवस्था पर बैठक में रहा विशेष जोर
त्योहारों के दौरान रांची के विभिन्न इलाकों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने पर बैठक में विशेष चर्चा हुई। सभी वार्डों के प्रमुख स्थानों और लोगों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी है।
नगर निगम की ओर से डस्ट से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
दुर्गा पूजा और अखड़ों तक पहुंच आसान बनाने की तैयारी
निगम ने पूजा स्थलों और अखड़ों तक लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को इसके लिए महत्वपूर्ण माना गया है।
विकास योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया। पिछले तीन वर्षों से नगर निगम चुनाव नहीं होने के कारण प्रभावित रहे कई कार्यों का मुद्दा भी सामने आया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद हरमू रोड पर पेवर ब्लॉक से पाथवे का काम शुरू किया गया था। हालांकि फ्लाईओवर निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिलहाल इस काम को रोक दिया गया है।
