Friday, November 6, 2026

रांची डीसी ने कुम्हारों से खरीदे मिट्टी के दीये, बस्ती की सड़क मरम्मत का दिया निर्देश

Share

Ranchi News, 6 November 2026: दीपावली के अवसर पर स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए रांची के उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री शुक्रवार को अरसंडे स्थित बोडया रोड के जय प्रकाश नगर की कुम्हार बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने कुम्हार परिवारों से मिट्टी के दीये खरीदे और डिजिटल माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान उन्होंने कारीगरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

कुम्हारों की मेहनत का उचित मूल्य देने की अपील

डीसी ने कहा कि मिट्टी के दीये तैयार करने में कुम्हार परिवार के सभी सदस्यों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। मिट्टी गूंथने से लेकर दीये को आकार देने, सुखाने और रंग-रोगन करने तक कई चरणों में श्रम लगता है। इसके बावजूद कई बार कारीगरों को उनकी मेहनत के अनुरूप आमदनी नहीं मिल पाती।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्थानीय कुम्हारों से उचित कीमत पर मिट्टी के दीये खरीदें और उनके पारंपरिक व्यवसाय को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि कारीगरों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें उनके श्रम का उचित मूल्य मिलना चाहिए।

कुम्हार परिवारों को प्रशिक्षण और उपकरण उपलब्ध कराने की पहल

कारीगरों से बातचीत के दौरान उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड के माध्यम से कुम्हार परिवारों को सहयोग दे रहा है। इसके तहत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आगे जिला इनोवेशन फंड के माध्यम से संरचना निर्माण, आवश्यक उपकरण और योजनागत सहायता उपलब्ध कराने की भी पहल की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य कुम्हार परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाना है।

खराब सड़क की मरम्मत का निर्देश

बस्ती में बातचीत के दौरान डीसी ने एक महिला कारीगर से पेंशन मिलने की जानकारी ली। महिला ने बताया कि उसे पेंशन का लाभ मिल रहा है।

वहीं, स्थानीय लोगों ने बस्ती की खराब सड़क की समस्या सामने रखी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि कुम्हार परिवारों को आवागमन में परेशानी न हो।

बच्ची ने डीसी को भेंट किया मिट्टी का खिलौना

दौरे के दौरान एक छोटी बच्ची ने उपायुक्त को मिट्टी से बना खिलौना भेंट किया। बच्ची के इस स्नेहपूर्ण उपहार से डीसी प्रभावित हुए और उन्होंने उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News