Tuesday, September 15, 2026

रांची के 750 सरकारी स्कूलों में ग्रुप डिस्कशन, विद्यार्थियों की सोच और तर्क क्षमता होगी विकसित.

Share

रांची: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है। जिले के करीब 750 सरकारी स्कूलों में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए नियमित ग्रुप डिस्कशन कराया जा रहा है। इस गतिविधि के जरिए बच्चों को अलग-अलग विषयों पर अपनी राय रखने और विचार साझा करने का अवसर दिया जा रहा है।

समसामयिक घटनाओं और सामान्य ज्ञान पर चर्चा

जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने बताया कि ग्रुप डिस्कशन में विद्यार्थियों से समसामयिक घटनाओं और सामान्य ज्ञान से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं। इसके अलावा विभिन्न विषयों पर बच्चों के बीच चर्चा कराई जाती है।

इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सोचने-समझने, तर्क करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता विकसित करना है। गतिविधि के दौरान बच्चों को सवालों पर विचार करने और दूसरे विद्यार्थियों के विचार सुनने का मौका भी मिलता है।

हर महीने लिया जाता है विद्यार्थियों का फीडबैक

शिक्षा विभाग केवल ग्रुप डिस्कशन कराने तक सीमित नहीं है। गतिविधि का विद्यार्थियों पर कितना प्रभाव पड़ रहा है और बच्चे इसमें कितनी रुचि ले रहे हैं, इसका आकलन भी किया जा रहा है।

इसके लिए हर महीने के अंतिम सप्ताह में विद्यार्थियों से फीडबैक लिया जाता है। प्राप्त प्रतिक्रियाओं के आधार पर गतिविधि में विद्यार्थियों की भागीदारी और रुचि को समझने का प्रयास किया जाता है।

बच्चों में संवाद और तर्क क्षमता विकसित करने पर जोर

शिक्षा विभाग की इस पहल का फोकस विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय उन्हें विभिन्न विषयों पर सोचने और अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। नियमित चर्चा के माध्यम से बच्चों में संवाद करने, विचारों को समझने और तर्क के साथ अपनी राय रखने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला शिक्षा अधीक्षक के अनुसार, जिले के सरकारी स्कूलों में इस गतिविधि को नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।

Read more

Local News