Tuesday, August 4, 2026

रांची के नए सिविल सर्जन बने डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, डॉ. प्रभात कुमार को दी गई विदाई.

Share

रांची: राजधानी रांची के स्वास्थ्य विभाग में सोमवार को बदलाव हुआ। डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने रांची के नए सिविल सर्जन के तौर पर सिविल सर्जन कार्यालय में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के अवसर पर निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार के सम्मान में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यभार संभालने के बाद डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि जिले के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने की बात कही।

विदाई समारोह के दौरान डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए विभागीय अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से जिले में कई स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सका।

कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, जिला आरसीएच अधिकारी (DRCHO) डॉ. असीम मांझी, जिला टीकाकरण पदाधिकारी (DTO) डॉ. एस. बास्की, डॉ. प्रभावती सहित सिविल सर्जन कार्यालय के अधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह में मौजूद लोगों ने डॉ. प्रभात कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की। वहीं, नए सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Read more

Local News