Saturday, July 11, 2026

रजिस्ट्री दफ्तरों के लिए आ गया नया आदेश, रिकॉर्ड्स से नहीं होगी छेड़छाड़

Share

बिहार के निबंधन कार्यालयों में अभिलेखों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सरकार ने सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड तैनात करने का फैसला किया है। 140 कार्यालयों में कैमरे लगाए जा रहे हैं जिनमें से कई शुरू हो चुके हैं। यह कदम अभिलेखों की चोरी और सेंधमारी को रोकने के लिए उठाया गया है जिससे भूमि संबंधी दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

पटना। राज्य के निबंधन कार्यालयों में अभिलेखाें की चोरी और सेंधमारी को रोकने के लिए अब कैमरे की मदद ली जाएगी। इसके साथ निजी सुरक्षा गार्ड भी लगाए जाएंगे। राज्य सरकार ने सभी 140 निबंधन कार्यालयों में कैमरे लगाने की पहल शुरू कर दी है।

इसके अलावा, निबंधन कार्य में पारदर्शिता लाने के लिए नौ सहायक निबंधन महानिरीक्षकों के कार्यालयों में भी सीसीटीवी लगाए जाएंगे। अभी तक 88 कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि 60 में यह प्रक्रियाधीन है। इनमें पटना समेत 75 महत्वपूर्ण कार्यालयों में कैमरे चालू भी हो गए हैं।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अनुसार, अभिलेखागारों में जमीन संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज संरक्षित हैं। हाल में कुछ कार्यालयों में अभिलेखागारों में सेंधमारी, अभिलेखों की चोरी की घटनाएं भी हुई हैं। इसके अलवा निबंधन कार्यालयों में बड़ी संख्या में निबंधन कराने के लिए जनता पहुंचती है

इस दौरान पक्षकारों के बीच राशि का भी संव्यवहार होता है। इसको देखते हुए कार्यालयों में सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है। अग्निकांड से कार्यालयों की सुरक्षा के लिए भी सभी कार्यालयों का फायर ऑडिट कराते हुए आवश्यकतानुसार अग्निशामक यंत्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।

सुबह-रात दो पाली में रहेंगे सुरक्षा गार्ड:

निबंधन कार्यालयाें में दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए सुबह और रात दोनों पालियों में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड की तैनाती करने का निर्देश जारी किया है। इसके लिए सुरक्षा गार्ड की संख्या भी बढ़ाई गई है। अभी तक निबंधन कार्यालयों में सिर्फ दो सुरक्षा गार्ड की ही तैनाती थी जिससे सुबह और रात दोनाें पालियों में सुरक्षा संभव नहीं हो पा रही थी।

अब जारी नए आदेश के अनुसार, जिला निबंधन कार्यालयों में पांच निजी सुरक्षा गार्ड जबकि सभी अवर निबंधन कार्यालयों में तीन निजी सुरक्षा गार्ड लगाने का आदेश दिया गया है।

Read more

Local News