पटना। सरकार एवं संगठन के बीच उम्दा तालमेल को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार कई घोषणा की। उन्होंने बिहार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शीर्ष नेताओं, प्रदेश अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्षों की बैठक में 15 अगस्त बाद जिलेवार दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा करने की जानकारी दी।
- साथ ही जिलों में रात्रि विश्राम भी करेंगे। लोक सेवक आवास स्थित नेक संवाद हुई बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की हुई।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए के नेताओं एवं जिलाध्यक्षों के साथ नियमित संवाद और बैठक की परंपरा स्थापित कर बिहार में गठबंधन को मजबूत आधार प्रदान किया है।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। अब मुख्यमंत्री के साथ एनडीए घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष कम से कम तीन माह के अंतराल पर मिलकर समस्याओं से अवगत करा सकते हैं।
- यानी की हर तीन माह पर मुख्यमंत्री की एनडीए पांचों दल के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक होगी। इस दौरान जिलाध्यक्षों ने जिलों के प्रभारी मंत्रियों के प्रति अपनी शिकायत से नेतृत्व को अवगत कराया।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक माह जनकल्याण के लिए पांच विशेष कार्य दिवस निर्धारित किए हैं। प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं।
- यदि किसी आवेदक की समस्या का समाधान संतोषजनक नहीं होता है, तो उसका निपटारा प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री स्तर पर आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में किया जाएगा।
- आम नागरिकों को त्वरित राहत और न्याय उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- राज्य के समग्र ग्रामीण विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्णय से पेंशन राशि चार सौ रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई है।
- उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में मार्च माह से पहले पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के निर्माण का कार्य प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
- 20 सूत्री समिति एवं नागरिक परिषद की बैठकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे तथा आवश्यकतानुसार जिला स्तर पर समिति के गठन पर भी विचार किया जाएगा।
- प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत लगभग एक करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाती है।
बैठक को जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, उप मुख्यमंत्री द्वय विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, एनडीए घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष, सम्राट मंत्रिमंडल के सभी मंत्रिगण तथा सात विभिन्न जिलों के एनडीए के जिलाध्यक्षों ने संबोधित किया।


