मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में रुपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक और नेहरू पथ पर चल रही विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमिगत नाले और सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ दीघा-एम्स पाटलि पथ से नेहरू पथ कनेक्टिविटी जैसे कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ के सौंदर्यीकरण का भी जायजा लिया, अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया ताकि यातायात सुगम हो और लोगों को जाम से राहत मिल सके।
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राजधानी स्थित रुपसपुर नहर से लेकर सगुना मोड़ तक के लिए प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के निर्माण कार्य का जायजा लिया।
उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि ठीक ढंग से योजनाओं का काम समय पर पूरा करें।उन्होंने रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक नेहरू पथ के दोनों तरफ भूमिगत नाले के साथ ही सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य को देखा।
इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने रूपसपुर नहर रोड के समीप दीघा-एम्स पाटलि पथ से नेहरू पथ के कनेक्टिविटी कार्य का जायजा लिया।
जेपी गंगा पथ के सौंदर्यीकरण कार्य का लिया जायजा
अधिकारियों ने दीघा-एम्स पाटलि पथ से नेहरू पथ के कनेक्टिविटी कार्य तथा पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन-नेहरू पथ-अशोक राजपथ की सम्पर्कता के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
दीघा गोलम्बर के पास जेपी गंगा पथ पर कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस काम को ठीक ढंग से निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण करायें।
इस काम के पूरा हो जाने से वाहनों का सुचारू रूप से परिचालन होगा तथा आवागमन काफी सुगम होगा। लोगों को जाम से निजात मिलेगी।
इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव डाॅ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना के जिलाधिकारी डाॅ. त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


