छपरा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार, 12 नवंबर को सारण जिले के मांझी पहुंचेंगे। इस दौरान वे सरयू नदी के किनारे रामघाट पर चल रहे विकास कार्यों और तैयारियों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री यहां अटल वाटिका, यज्ञशाला और जीविका रसोई का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रामघाट से लेकर दलन सिंह उच्च विद्यालय परिसर तक सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
दोपहर 12:40 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर 12:40 बजे हेलीकॉप्टर से दलन सिंह उच्च विद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद 12:55 बजे रामघाट के लिए रवाना होंगे और करीब पांच मिनट में वहां पहुंचेंगे।
रामघाट पर वे अटल वाटिका, यज्ञशाला और जीविका रसोई का अवलोकन करेंगे। इसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
दोपहर 1:10 बजे कार्यक्रम को करेंगे संबोधित
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1:10 बजे मंच पर पहुंचेंगे। शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन से होगी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के संबोधन का कार्यक्रम निर्धारित है।
दौरा पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:35 बजे हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना होंगे।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार ने बुधवार देर रात तक कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रामघाट पर अटल वाटिका, मंदिर परिसर, यज्ञशाला, चारदीवारी, बैरिकेडिंग, घाट की सीढ़ियों और नदी की सफाई की व्यवस्था देखी।
इसके अलावा मंच, बैठने की व्यवस्था और जीविका के मां सरयू कैफे व रसोई का भी जायजा लिया गया। दलन सिंह उच्च विद्यालय परिसर में हेलीपैड और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की गई।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान
प्रशासन ने कार्यक्रम के दौरान प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
ड्यूटी पर लगाए गए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की गई। सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने तैनाती स्थल पर पहुंचने और कार्यक्रम समाप्त होने तक जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है।
प्रशासन का लक्ष्य मुख्यमंत्री के मांझी दौरे को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
BHARATSUPERFASTNEWS
बिहार और देश की हर बड़ी खबर, सबसे पहले।
