Tuesday, August 25, 2026

मतदाता सूची में गांव का नाम गलत दर्ज होने पर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन.

Share

बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड की मुटरखाम पंचायत स्थित जाड़ाबनी गांव के ग्रामीणों ने मतदाता सूची में गांव का नाम गलत दर्ज किए जाने को लेकर मंगलवार को अंचल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। माझी बाबा शास्त्री हेंब्रम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा को ज्ञापन सौंपकर नाम में सुधार कराने की मांग की।

ग्रामीणों के मुताबिक, हाल में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद जारी मतदाता सूची में गांव के सभी मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। हालांकि, सूची में गांव का नाम ‘जाड़ाबनी’ के बजाय ‘जामारिया’ लिखा गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित मतदाता सूची में यह प्रविष्टि भाग संख्या 154 के तहत क्रम संख्या 443 से 668 तक दर्ज है। उनका कहना है कि मतदाताओं के नाम मौजूद होने के बावजूद गांव का नाम गलत दर्ज होना भविष्य में प्रशासनिक और चुनाव संबंधी कार्यों में परेशानी का कारण बन सकता है।

जल्द सुधार की मांग

ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से मामले की जांच कराने और सरकारी रिकॉर्ड व निर्वाचक नामावली में गांव का नाम सही कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय रहते त्रुटि दूर होने से आगे किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान रामचंद्र हेंब्रम, मंगल मुर्मू, जितेंद्र हेंब्रम, दिनेश सोरेन, बैजनाथ सोरेन, सुराई हेंब्रम, साखिला टुडू और पूर्णिमा टुडू सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Read more

Local News