Sunday, July 5, 2026

भोजपुर में हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से झारखंड के 2 मजदूरों की मौत

Share

दोनों युवक झारखंड से मजदूरी के लिए बक्सर जिले के लिए रघुनाथपुर स्थिति निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री में आए थे। पंकज पिछले चार महीने से वहीं निर्माण कार्य में काम कर रहा था जबकि नेसारूल महज तीन दिन पहले ही मजदूरी के लिए आया था। दोनों की ट्रेन की चपेट आने से झारखंड प्रदेश के दो मजदूरों की मौत हो गई।

आरा। पटना-डीडीयू रेलखंड के सिकरिया हाल्ट और रघुनाथपुर स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट आने से झारखंड प्रदेश के दो मजदूरों की मौत हो गई। एक ने घटनास्थल पर तो दूसरे ने सदर अस्पताल,आरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित बारी, सुरली गांव निवासी विनोद राम के 19 वर्षीय पंकज कुमार रवि और  इसराफील अंसारी के 18 वर्षीय नेसारूल अंसारी के रूप में हुई है।

दोनों मजदूर बक्सर जिले के रघुनाथपुर स्थित एक निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार की शाम शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल,आरा में कराया गया। दोनों युवक झारखंड से मजदूरी के लिए बक्सर जिले के लिए रघुनाथपुर स्थिति निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री में आए थे। पंकज पिछले चार महीने से वहीं निर्माण कार्य में काम कर रहा था जबकि, नेसारूल महज तीन दिन पहले ही मजदूरी के लिए आया था।

हादसा उस वक्त हुआ जब वे रविवार की देर शाम बाजार से लौटते समय रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। कंपनी के फोरमैन मो. नौशाद ने सोमवार को सदर अस्पताल,आरा में बताया कि दोनों युवक रविवार की देर शाम फैक्ट्री से बाजार के लिए निकले थे। लौटते समय ट्रैक पार करते वक्त मो. नेसारूल अंसारी ट्रेन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि, गंभीर रूप से घायल पंकज कुमार रवि को बेहतर इलाज के लिए रघुनाथपुर, बक्सर से सदर अस्पताल,आरा लाया गया, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।

साथी मजदूरों ने बताया कि जहां पर हादसा हुआ वहां रेल पुल है। पुल के नीचे के भाग में पानी भर जाने के कारण दोनों ऊपर से रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही आरा रेल पुलिस रात करीब बारह बजे पहुंची और घटनास्थल से एक युवक के शव को बरामद किया गया। इधर, पोस्टमार्टम के बाद रेल पुलिस द्वारा शवाें को स्वजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया जारी है।स्वजनों को सूचना दे दी गई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक वे सदर अस्पताल ,आरा नहीं पहुंचे थे।

रेलवे ट्रैक पर वीडियो रील बनाते समय हादसे की चर्चा

हादसे को लेकर चर्चा यह भी है कि दोनों सिकरिया हाल्ट से पश्चिम पोल संख्या 626/15 के समीप अप लाइन के पास रेलवे ट्रैक से गुजरते समय वीडियो रील बनाने में व्यस्त थे, ठीक उसी दौरान दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले अन्य मजदूर वहां पहुंचे। रेल पुलिस को सूचना दी गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, उसने भी दम तोड़ दिया।

रात में सूचना पर गई पुलिस को घटनास्थल से सिर्फ एक शव बरामद हुआ था। सोमवार को दूसरे युवक के मौत की सूचना उन्हें अस्पताल से दी गई है। जांच चल रही है।

रानी कुमारी, प्रभारी रेल थानाध्यक्ष

Read more

Local News