Sunday, June 21, 2026

भारत और इंग्लैंड के बीच शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है.

Share

नई दिल्ली: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. अब वो इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में फैंस को खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे. उनके इंग्लैंड सीरीज के लिए भारतीय टीम में न होने पर इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ज्योफ्री बॉयकॉट ने बड़ा बयान दिया है. इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड टीम पर भी बड़ी बात बोली है. ज्योफ्री ने कहा है कि रोहित शर्मा के संन्यास से कहीं अधिक विराट कोहली की अनुपस्थिति इस सीरीज में भारत को खलेगी.

आपको बता दें कि, इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से पहले रोहित शर्मा ने 7 मई को टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की थी. इसके कुछ दिनों बाद ही विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. कोहली ने 12 मई को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने संन्यास का ऐलान किया. अब टीम इंडिया इन दोनों के बगैर इंग्लैंड का दौरा कर रही है.

ज्योफ्री बॉयकॉट ने विराट को लेकर कहा, ‘विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास से भारत के इंग्लैंड को हराने की संभावनाएं कम हो गई हैं. भारत के लिए कोहली सबसे बड़ा नुकसान है क्योंकि वे तीनों प्रारूपों में उनके सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और कवच रहे हैं’. 36 वर्षीय कोहली ने 123 टेस्ट मैचों में 9,230 रन बनाए हैं.

बॉयकॉट ने बुधवार को डेली टेलीग्राफ में अपने कॉलम में लिखा, ‘रोहित कोहली की तरह कभी भी स्वाभाविक एथलीट नहीं रहे और उन्हें पता है कि इंग्लैंड में पारी की शुरुआत करना काफी मुश्किल हो सकता है क्योंकि नई गेंद अधिक घूमती है. आपको वास्तव में सफलता पाने के लिए चुनौती के लिए तैयार रहना होगा. मुझे लगता है कि समय के साथ पारी की शुरुआत करने और तीनों प्रारूपों में कप्तान होने की थकान ने उन्हें थका दिया है’.

उन्होंने आगे कहा, ‘इंग्लैंड को भारत को हराना चाहिए. वे अपनी बल्लेबाजी शैली को संयमित करें. कई बार उनका क्रिकेट रोमांचक और बेहद मजेदार रहा है लेकिन लापरवाह बल्लेबाजी से उन्होंने टेस्ट मैच भी गंवाए हैं. उनका एकमात्र विचार होना चाहिए कि पिछले तीन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल हमारे देश में खेले गए हैं लेकिन इंग्लैंड उनमें से किसी के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाया है. उन्हें शर्मिंदा होना चाहिए’.

Read more

Local News